Lucknow CityUttar Pradesh

‘कुछ सितारे आसमान में… कुछ खाकी पहनकर जमीन पर’, Amitabh Bachchan ने यूं किया UP Police को सलाम

खाकी का सितारा : महाकुंभ 2025 से स्वतंत्रता दिवस तक कैमरे में कैद हुई खाकी की कहानी, 6.5 मिनट के एंथम में कानून-व्यवस्था से लेकर जनसेवा तक दिखे पुलिस के कई रंग

लखनऊ, 18 अगस्त 2026:

UP Police की वर्दी अब सिर्फ कानून-व्यवस्था की पहचान नहीं अपितु जज्बे, जिम्मेदारी और जनसेवा की कहानी भी कह रही है। यूपी पुलिस के पहले आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’ का 6.5 मिनट का पूरा वीडियो यूट्यूब पर रिलीज हो गया है। खास बात यह है कि महानायक अमिताभ बच्चन ने भी यूपी पुलिस की ओर से किए गए पोस्ट को कोट ट्वीट करते हुए इस एंथम को अपने अंदाज में सलाम किया। उन्होंने लिखा, ‘कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं… कुछ खाकी पहनकर जमीन पर। खाकी का सितारा।’

‘खाकी का सितारा’ महज एक म्यूजिक वीडियो नहीं है। यह उत्तर प्रदेश पुलिस के रोजमर्रा के काम, चुनौतियों और जिम्मेदारियों को एक भावनात्मक कहानी के रूप में सामने लाने की कोशिश है। वीडियो में कानून-व्यवस्था संभालती पुलिस से लेकर महिला सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट, तकनीक, आपदा एवं राहत कार्य और जनसेवा तक खाकी के अलग-अलग रंग दिखाई देते हैं।

एक साल से ज्यादा चली शूटिंग

ये भी पढ़ें:

इस एंथम की सबसे खास बात इसकी शूटिंग का तरीका है। इसे किसी स्टूडियो में कुछ दिनों में तैयार नहीं किया गया, बल्कि महाकुंभ 2025 से स्वतंत्रता दिवस 2026 तक अलग-अलग मौकों और परिस्थितियों में पुलिस की ड्यूटी के वास्तविक दृश्यों को कैमरे में कैद किया गया। यानी महाकुंभ की विशाल पुलिस व्यवस्था से लेकर त्योहारों, भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और राहत कार्यों तक, खाकी के अलग-अलग रूप इस वीडियो में दिखाई देते हैं।
up-police-anthem-khaki-ka-sitara-par-amitabh-bachchan-ka-tweet (2)

उत्तर प्रदेश पुलिस के इस इन-हाउस क्रिएटिव प्रोडक्शन को तैयार करने में एक वर्ष से अधिक का समय लगा। वीडियो का उद्देश्य पुलिस को सिर्फ कार्रवाई करने वाली एजेंसी के रूप में दिखाना नहीं बल्कि संकट के समय सबसे पहले पहुंचने वाली और आम लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाने वाली व्यवस्था के रूप में पेश करना है।

वर्दी के पीछे दिखा इंसान

एंथम में खाकी की सख्ती के साथ उसकी संवेदनशीलता को भी प्रमुखता दी गई है। वीडियो यह बताने की कोशिश करता है कि वर्दी के पीछे एक ऐसा इंसान भी है, जो परिवार और निजी जिंदगी से दूर रहकर अपनी ड्यूटी निभाता है। त्योहार हो, आपदा हो, भीड़ का दबाव हो या कानून-व्यवस्था की चुनौती- पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में मोर्चे पर नजर आते हैं। इसमें अमिताभ बच्चन की प्रभावशाली आवाज, पद्मश्री शंकर महादेवन का स्वर और संगीत तथा जाने-माने कवि एवं गीतकार आलोक श्रीवास्तव के शब्द हैं। अभिनेता करण आनंद ने इसमें पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है।

14 अगस्त को लोक भवन में हुआ था लॉन्च

‘खाकी का सितारा’ का औपचारिक लॉन्च 14 अगस्त को लोक भवन, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। कार्यक्रम में पद्मश्री शंकर महादेवन, पद्मश्री नाना पाटेकर, गीतकार आलोक श्रीवास्तव, अभिनेता करण आनंद सहित फिल्म और संगीत जगत से जुड़े कलाकार तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

शंकर महादेवन ने एंथम से जुड़ने को अपने जीवन के खास पलों में से एक बताया और इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार को समर्पित किया। उन्होंने ‘सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा’ और ‘हम डटे रहे, हम खड़े रहे, चट्टानों जैसे अड़े रहे’ जैसी पंक्तियों के जरिए पुलिस के साहस और संकल्प को आवाज दी।

दरअसल सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार में कानून-व्यवस्था लगातार प्रमुख प्राथमिकताओं में रही है। ऐसे में ‘खाकी का सितारा’ पुलिस की इसी भूमिका को एक नए और भावनात्मक अंदाज में पेश करता है। ‘सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा’ के संदेश के साथ यह एंथम उस खाकी को सलाम करता है, जो सुर्खियों से दूर रहकर भी हर मुश्किल घड़ी में लोगों की सुरक्षा के लिए जमीन पर डटी रहती है।

ये भी पढ़ें  ब्रह्मोस चली तो पाकिस्तान मांगने लगा रहम की भीख... हमीरपुर में गरजे योगी, दी 636 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button