
सीतापुर, 18 अगस्त 2026:
यूपी के सीतापुर जिले में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। विजय लक्ष्मी नगर में रहने वाले व्यापारी रमेश चन्द्र गुप्ता ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत देकर Hyderabad की एक महिला पर निवेश के नाम पर करीब 12 लाख रुपये हड़पने का केस दर्ज कराया है। व्यापारी के मुताबिक रकम निकालने की कोशिश करने पर उससे कुल 20 लाख रुपये जमा करने को कहा गया।
तीन किस्तों में जमा की 12 लाख की रकम
रमेश चन्द्र गुप्ता के मुताबिक ऑनलाइन निवेश वेबसाइट पर उसका हैदराबाद की मीनाक्षी रेड्डी से संपर्क हुआ। बातचीत के बाद उसने रकम लगाना शुरू किया था। उसने 28 जुलाई को 47,886 रुपये, 29 जुलाई को 4 लाख रुपये फिर 1 अगस्त को 7.50 लाख रुपये वेबसाइट पर जमा किए। इस तरह उसने कुल 11,97,886 रुपये लगाए।
प्रॉफिट के नाम पर पहले 8 हजार रुपये वापस मिले
शिकायत में बताया गया है कि पहली रकम जमा करने के बाद करीब 8 हजार रुपये वापस मिले। इसके बाद संबंधित महिला की तरफ से वेबसाइट पर और निवेश करने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि इससे उसे ऑनलाइन निवेश का भरोसा हुआ।
रुपये वापस निकालने पर सामने रखी नई शर्त
रमेश चन्द्र ने वेबसाइट पर जमा रकम में से करीब 12 लाख रुपये निकालने के लिए withdrawal request डाली। आरोप है कि वहां जवाब मिला कि रकम तब तक नहीं निकाली जा सकती, जब तक खाते में कुल जमा राशि 20 लाख रुपये पूरी न हो जाए। इसके बाद ही शिकायतकर्ता को ठगी का शक हुआ।
व्यापारी ने वेबसाइट डिटेल व बैंक दस्तावेज पुलिस को दिए
साइबर क्राइम सेल में एफआईआर दर्ज कराने के साथ व्यापारी रमेश ने बैंक RTGS transactions की रसीदें, आधार कार्ड की कॉपी, पैन कार्ड की कॉपी लगाई गई है। शिकायत में महिला का पता Hyderabad, Telangana व ऑनलाइन वेबसाइट का नाम भी पुलिस को बताया गया है।






