
लखनऊ, 19 अगस्त 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह बुधवार को अदालत से बरी होने के बाद पहली बार पहुंचे। दोपहर करीब 3:30 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। बृजभूषण गेरुआ पगड़ी में नजर आए। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही समर्थकों की भीड़ उनके साथ हो गई।
लखनऊ को बताया अपना घर
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि लखनऊ हमारा घर है। धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह बहुत अच्छे आदमी हैं। उनका कोई दोष नहीं था, सिस्टम का दोष था। एयरपोर्ट से बृजभूषण शरण सिंह समर्थकों के काफिले के साथ रवाना हुए। काफिला शहीद पथ से गुजरा तो वहां ट्रैफिक की रफ्तार प्रभावित हो गई। उनके काफिले की वजह से शहीद पथ पर जाम के हालात बन गए।
कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे
लखनऊ में बृजभूषण शरण सिंह के कई कार्यक्रम तय हैं। वह अंसल रॉयल्टी पहुंचेंगे, जहां अखिलेश सिंह से मुलाकात प्रस्तावित है। इसके बाद आलमबाग नहर, पारा तिकुनिया, माकपा चौराहा, दुबग्गा, आईआईएम रोड होते हुए सीतापुर रोड जाने का कार्यक्रम है। सीतापुर रोड स्थित फल-सब्जी मंडी में वह एमजीएम ट्रेडिंग कंपनी के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। लखनऊ के कार्यक्रम पूरे होने के बाद उनका बाराबंकी, रौनाही, अयोध्या बाईपास के रास्ते गोंडा जाने का कार्यक्रम है।

3 अगस्त को कोर्ट ने किया था बरी
महिला पहलवानों से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 3 अगस्त को बृजभूषण शरण सिंह को बरी कर दिया था। अदालत ने पूर्व WFI सहायक सचिव विनोद तोमर को भी मामले में बरी किया था। कोर्ट के इस फैसले के बाद बृजभूषण लगातार सार्वजनिक मंचों पर अपनी बात रख रहे हैं।






