
बाराबंकी, 20 अगस्त 2026:
यूपी के बाराबंकी जिले में साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें ठग ने महिला को बेटी होने पर सरकारी पैसा मिलने का झांसा दिया। खुद को ICDS विभाग का अधिकारी बताकर फोन करने वाले जालसाज ने पहले महिला को भरोसे में लिया, फिर WhatsApp पर एक फार्म भेजकर उसे भरने को कहा। महिला ने जैसे ही फार्म पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से 63,994 रुपये निकल गए।
ठग ने कहा, बेटी हुई है, पैसा मिलेगा
शहर में हैदरगढ़ रोड पर बसी मुनेश्वर बिहार कॉलोनी में रहने वाली कविता वर्मा इस जालसाजी का शिकार हुईं। तहरीर के मुताबिक कुछ दिन पूर्व उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को लखनऊ के एकीकृत बाल विकास (ICDS) विभाग का अधिकारी बताया। उसने कहा कि उन्हें बेटी हुई है, इसके लिए मिलने वाली रकम खाते में भेजी जानी है।
आशा कार्यकर्ता से बात कराकर जीता भरोसा
महिला के मुताबिक, ठग ने फोन पर ही उसे कॉन्फ्रेंस कॉल में लिया। इस दौरान एक महिला से बात कराई गई, जिसे आशा कार्यकर्ता बताया गया। इससे कविता को फोन करने वाले पर भरोसा हो गया। इसके बाद उनके WhatsApp नंबर पर एक फार्म भेजा गया।
फार्म में नाम देखकर नहीं हुआ शक
ठगों ने जो फार्म भेजा उसमें कविता वर्मा व उनके पति श्रीकांत वर्मा का नाम भी दिखाई दे रहा था। इससे उन्हें लगा कि फार्म किसी सरकारी प्रक्रिया से जुड़ा है। जालसाजों के कहने पर उन्होंने फार्म पर क्लिक कर दिया।
क्लिक करते ही तीन ट्रांजेक्शन में निकल गए रुपये
फार्म पर क्लिक करने के बाद महिला के इंडियन ओवरसीज बैंक की बेगमगंज शाखा स्थित खाते से तीन बार में रकम निकाल ली गई। पहले ट्रांजेक्शन में 26,104, दूसरे में 26,170 रुपये व तीसरे में 11,719 रुपये निकाले गए। कुल 63,994 रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई।
मैसेज आया तो खाते से रकम निकलने का पता चला
कविता को बैंक से मैसेज मिलने के बाद खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने शहर कोतवाली में केस दर्ज कराया है। पुलिस डिजिटल एविडेंस के आधार पर जांच कर रही है।






