Lucknow City

रंगदारी मांगी, हत्या व झूठे रेप केस में फंसाने की दी धमकी, बर्खास्त सिपाही रोशन रजा गिरफ्तार

मोहनलालगंज थाने में पांच दिन के भीतर दर्ज हुईं दो एफआईआर, पहले जान से मारने की धमकी दी, इसके बाद पुराने मुकदमे में खर्च हुए 50 हजार रुपये मांगने का आरोप, रकम न देने पर हत्या और नाबालिग भांजी से दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज कराने की धमकी देने की शिकायत, पुलिस ने बर्खास्त सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेजा

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 22 अगस्त 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित मोहनलालगंज में एक युवक को पहले धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज कराने के बाद बर्खास्त सिपाही ने उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। उसने पुराने केस में वकीलों और दूसरे लोगों पर खर्च हुए 50 हजार रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी के साथ नाबालिग रिश्तेदार से दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दी गई। अब मोहनलालगंज पुलिस ने बर्खास्त सिपाही रोशन रजा को गिरफ्तार कर लिया है।

पहले फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी

ये भी पढ़ें:

मोहनलालगंज के गोपालखेड़ा निवासी मनीष सिंह ने पहले 15 अगस्त को दर्ज कराई एफआईआर में कहा था कि 13 अगस्त की शाम बर्खास्त सिपाही रोशन रजा ने उन्हें फोन किया था। आरोप है कि रोशन उस समय शराब के नशे में था और फोन पर गाली-गलौज करने लगा। मनीष के मुताबिक, वह उस समय बस स्टॉप पर मौजूद थे और वहां दूसरे लोग भी थे, इसलिए उन्होंने फोन काट दिया। इसके कुछ देर बाद रोशन खुद बस स्टॉप पर पहुंच गया और मनीष को जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की भी धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

खुद को मंत्री का करीबी बताकर बर्खास्त होने के बाद वर्दी में घूमता था रोशन

मनीष के मुताबिक बर्खास्त होने के बावजूद रोशन पुलिस की वर्दी पहनकर घूमता है और लोगों पर रौब जमाता है। वो खुद को एक पूर्व मंत्री का करीबी भी बताता है। 15 अगस्त की शाम रोशन ने अपने साथी रामचंद्र के मोबाइल से उन्हें फोन किया। फोन पर पहले रोशन ने धमकी दी। इसके बाद रामचंद्र ने फोन अपने हाथ में लेकर धमकाते हुए कहा कि मनीष को मारकर इंदिरा नहर में फेंकवा देगा। इस मामले में मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

पुराने केस के बाद बर्खास्त सिपाही ने खर्च के नाम पर 50 हजार की मांग रखी

मामला यहीं नहीं रुका। मनीष ने 20 अगस्त को फिर एक एफआईआर दर्ज कराई। इसमे कहा गया कि रोशन रजा ने रास्ते मे रोककर कहा कि उसके खिलाफ दर्ज कराए गए पुराने मुकदमे में वकीलों और अन्य लोगों को देने के लिए करीब 50 हजार रुपये खर्च हुए हैं, इसलिए वह रकम उसे दी जाए। मनीष के अनुसार, उसने अपनी नाबालिग भांजी से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी भी दी। रोशन रजा पर लगातार दो एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस भी एक्शन में आ गई।

पुलिस ने बर्खास्त सिपाही को दबोचा

मोहनलालगंज पुलिस टीम ने आरोपी बर्खास्त सिपाही रोशन रजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वह मूल रूप से कुशीनगर के कुबेरस्थान क्षेत्र के शेखवानिया बुजुर्ग का रहने वाला है और फिलहाल मोहनलालगंज कस्बे में पाण्डेय कॉम्प्लेक्स में रह रहा था। रोशन रजा पहले सिपाही के पद पर तैनात था, लेकिन वर्तमान में बर्खास्त है।

ये भी पढ़ें  रेल इंजन पर चढ़ गईं MLA पल्लवी पटेल, चारबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक हाईवोल्टेज प्रदर्शन

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button