
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 26 अगस्त 2026ः
रुद्रपुर और पिथौरागढ़ राजकीय मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू करने की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड सरकार ने कवायद तेज कर दी है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों मेडिकल कॉलेजों की तैयारियों की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण, उपकरणों की आपूर्ति और अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लैब उपकरणों की आपूर्ति समय से पूरी की जाए
मंत्री ने बैठक के दौरान दोनों मेडिकल कॉलेजों में निर्धारित मानकों के अनुरूप फैकल्टी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही प्रयोगशाला उपकरणों और फर्नीचर की आपूर्ति निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक सभी शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि छात्रों को सत्र शुरू होने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। समीक्षा के दौरान प्रशासनिक भवन, प्रयोगशाला भवन और एकेडमिक भवन के निर्माण एवं उन्हें आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित करने के कार्यों की भी जानकारी ली गई।
निर्माण एजेंसी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करें
निर्माण एजेंसी उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। दोनों मेडिकल कॉलेजों में आगामी राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के निरीक्षण को देखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निरीक्षण से पहले फैकल्टी, प्रयोगशालाओं, उपकरणों, भवनों और अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित सभी कमियां दूर कर ली जाएं।
अधिकारी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें
मंत्री ने निर्माण एवं आपूर्ति कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी लंबित कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा करें और निर्माण एजेंसी से निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि दोनों मेडिकल कॉलेजों के संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। बैठक में विभागाध्यक्ष/निदेशक चिकित्सा शिक्षा को दोनों मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों और निर्माण इकाइयों के साथ नियमित समन्वय स्थापित करने व सभी कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
100-100 छात्रों के प्रवेश की तैयारी
रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शिक्षण कार्य शुरू करने की तैयारी है। दोनों मेडिकल कॉलेजों में 100-100 छात्रों के प्रवेश की व्यवस्था प्रस्तावित है। सरकार का उद्देश्य दोनों संस्थानों में समयबद्ध तरीके से शैक्षणिक, प्रशासनिक, प्रयोगशाला एवं चिकित्सकीय सुविधाएं विकसित कर छात्रों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। समीक्षा बैठक में सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा और निदेशक चिकित्सा शिक्षा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






