Lucknow City

पेंशन से छात्रवृत्ति तक AI की नजर, UP में समाज कल्याण योजनाओं की निगरानी होगी स्मार्ट

फर्जीवाड़े पर कसेगी नकेल, सर्वोदय विद्यालयों से शुरू हुआ समाज कल्याण विभाग का AI अभियान, प्रमाण पत्र सत्यापन से डेटा एनालिसिस तक तकनीक का होगा इस्तेमाल, छात्रावासों में भी AI प्रशिक्षण की तैयारी

लखनऊ, 10 सितंबर 2026:

यूपी में जनकल्याणकारी योजनाओं को तकनीक की ताकत देकर सुशासन को नई रफ्तार देने की तैयारी है। समाज कल्याण विभाग अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी का अहम हिस्सा बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विभाग ने इसकी शुरुआत शिक्षा क्षेत्र से की है। अब वृद्धावस्था पेंशन, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ और छात्रवृत्ति योजनाओं में भी AI के इस्तेमाल की तैयारी है। इसका मकसद लाभार्थियों से जुड़ी प्रक्रियाओं को आसान, तेज और पारदर्शी बनाना तथा योजनाओं की मॉनिटरिंग को ज्यादा प्रभावी करना है।

सर्वोदय विद्यालयों में स्मार्ट शिक्षा का आगाज

समाज कल्याण विभाग ने AI आधारित तकनीकों का प्रयोग जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों से शुरू किया है। यहां स्मार्ट क्लास, डिजिटल सामग्री, 3डी वीडियो और AI आधारित लैंग्वेज लर्निंग लैब के जरिए विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ा जा रहा है। एडोब एजुकेशन इंडिया पहल के तहत विद्यार्थियों और शिक्षकों को एडोब डिजिटल अकादमी के माध्यम से डिजिटल क्रिएटिविटी और AI कौशल का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। विद्यार्थी डिजिटल स्टोरीटेलिंग, रचनात्मक समस्या-समाधान और AI-सहायित कंटेंट निर्माण जैसे भविष्य के उपयोगी कौशल सीख रहे हैं।

ये भी पढ़ें:

पेंशन में प्रमाण पत्रों की जांच होगी स्मार्ट

वृद्धावस्था पेंशन और राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में AI आधारित प्रमाण पत्र सत्यापन के इस्तेमाल का प्रस्ताव है। इससे प्रमाण पत्रों की जांच की प्रक्रिया को सरल और तेज किया जा सकेगा। तकनीक आधारित सत्यापन से पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

छात्रवृत्ति में डेटा बताएगा योजना का हाल

छात्रवृत्ति योजना में आवेदन और लाभ वितरण से जुड़े आंकड़ों के विश्लेषण के लिए भी AI के इस्तेमाल की तैयारी है। डेटा एनालिसिस के जरिए योजना की मॉनिटरिंग मजबूत होगी और क्रियान्वयन की स्थिति का बेहतर आकलन कर समय रहते जरूरी सुधार किए जा सकेंगे।

छात्रावासों में भी पहुंचेगी AI की ‘पाठशाला’

प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं चलाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि उनका लाभ पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। AI के इस्तेमाल से मॉनिटरिंग, डेटा विश्लेषण और प्रमाण पत्र सत्यापन में कार्यकुशलता बढ़ाने में मदद मिलेगी। राजकीय छात्रावासों में विद्यार्थियों को AI और पाठ्यक्रम आधारित प्रशिक्षण देने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

ये भी पढ़ें  नेपाल में आपदा के बीच सरकार का रेस्क्यू मिशन, फंसे यूपीवासियों को निकालने SDRF-PAC रवाना

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button