
योगेंद्र मलिक
हरिद्वार, 10 सितंबर 2026:
उत्तराखंड के हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने गुरुवार को निर्माणाधीन परियोजनाओं का मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने अलग-अलग निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से काम की प्रोग्रेस, क्वालिटी व तय समयसीमा की जानकारी ली।
निर्माण स्थल पर टेम्पो ट्रैवलर से पहुंचे
मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ टेम्पो ट्रैवलर में बैठकर कुंभ क्षेत्र में चल रहे विभिन्न कामों को देखा। इस दौरान उन्होंने मौके पर चल रहे निर्माण की स्थिति समझी। अधिकारियों से पूछा गया कि कौन सा काम कब तक पूरा होना है और उसकी मौजूदा स्थिति क्या है।

समय पर पूरा हों कुंभ से जुड़े काम
मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेले से जुड़े सभी महत्वपूर्ण काम तय समय पर पूरे किए जाएं। निर्माण में क्वालिटी से किसी तरह का समझौता न हो। उन्होंने काम की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
ट्रैफिक से पार्किंग तक व्यवस्थाओं पर चर्चा
निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था, सड़कों, पार्किंग, बुनियादी सुविधाओं समेत कुंभ के लिए जरूरी दूसरी तैयारियों की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने उन्हें विभिन्न परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, मेला अधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र व अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






