Lucknow CityUttar Pradesh

मोबाइल-स्क्रीन से मुकाबला करेगा कागज-कलम! हाथरस पुलिस की ‘पंख स्नेल लेटर राइटिंग’ पहल, बच्चों के सपनों को नई उड़ान

बढ़ते स्क्रीन टाइम के बीच अनोखी पहल, SP चिरंजीव नाथ सिन्हा ने छात्राओं से किया सीधा संवाद, पत्र लेखन के जरिए भावनाएं, सपने और विचार खुलकर कागज पर उतारने की दी सीख

लखनऊ/हाथरस, 10 सितंबर 2026:

मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और बढ़ते स्क्रीन टाइम के दौर में बच्चों को फिर से कागज और कलम से जोड़ने के लिए हाथरस पुलिस ने एक अनूठी और सकारात्मक पहल शुरू की है। हाथरस के एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा की पहल ‘पंख स्नेल लेटर राइटिंग’ के तहत बच्चों को नियमित पत्र एवं रचनात्मक लेखन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसका मकसद सिर्फ लिखावट सुधारना नहीं अपितु बल्कि बच्चों को अपने मन की बात कहने, अपनी भावनाओं को समझने और सपनों को शब्द देने का आत्मविश्वास पैदा करना है।

इसी क्रम में हाथरस गेट क्षेत्र स्थित राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज में छात्राओं के बीच गुरुवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा स्वयं कार्यक्रम में पहुंचे और विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को कागज और कलम के जरिए अपने विचार, भावनाएं, अनुभव, सपने और कल्पनाएं व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।

स्क्रीन टाइम के दौर में ‘स्मार्ट टाइम’ का संदेश

ये भी पढ़ें:

एसपी ने कहा कि डिजिटल युग में बच्चों का स्क्रीन टाइम लगातार बढ़ रहा है। ऐसे समय में पत्र लेखन उन्हें मोबाइल और सोशल मीडिया की दुनिया से कुछ समय दूर रहकर रचनात्मक गतिविधि से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन सकता है। नियमित लेखन से भाषा और अभिव्यक्ति क्षमता मजबूत होती है। इसके साथ ही आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और व्यक्तित्व के समग्र विकास में भी मदद मिलती है।

hathras-police-pankh-snel-letter-writing-initiative-children-screen-time (2)

मन की बात कहने का मिलेगा सकारात्मक मंच

‘पंख स्नेल लेटर राइटिंग’ का उद्देश्य बच्चों में पत्र लेखन की परंपरा को पुनर्जीवित करना, रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना और उन्हें अपने मन की बात स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने का सकारात्मक मंच उपलब्ध कराना है। विद्यार्थियों को प्रतिदिन कुछ समय लेखन के लिए निकालने तथा अपने अनुभव, सीख, विचार और सपनों को कागज पर उतारने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इन मुद्दों पर लिखने के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय जीवन मूल्यों और राष्ट्रीय गौरव, दादा-दादी व नाना-नानी से भावनात्मक जुड़ाव, मेरे सपने, मेरा भविष्य, शिक्षा का महत्व, स्क्रीन टाइम से स्मार्ट टाइम, खेल-किताबों और प्रकृति की उपयोगिता, समय प्रबंधन व छोटी बचत, अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में बच्चों की भूमिका जैसे विषयों पर लिखने के लिए प्रेरित किया गया। सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण में बच्चों के मानसिक विकास को भी पहल का अहम हिस्सा बनाया गया है।

hathras-police-pankh-snel-letter-writing-initiative-children-screen-time (3)

छात्राओं ने दिखाया लेखन का हुनर

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साह के साथ विभिन्न विषयों पर पत्र और लेख लिखे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की रचनाओं का अवलोकन कर उनकी सराहना की और नियमित लेखन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने विद्यार्थियों से रोज कुछ समय कागज और कलम के नाम करने का आह्वान किया।

उन्होंने संदेश दिया कि लेखन महज शब्दों का अभ्यास नहीं अपितु सोच, संवेदना और व्यक्तित्व को आकार देने का माध्यम है। ‘पंख स्नेल लेटर राइटिंग’ इसी सोच के साथ नई पीढ़ी को पत्र लेखन की समृद्ध परंपरा से जोड़कर उनके विचारों और सपनों को नई उड़ान देने की कोशिश है।

ये भी पढ़ें  दिनदहाड़े व्यापारी का गला रेता...लाश नहर में फेंक दी, भाग रहे एक हमलावर को ग्रामीणों ने पकड़ा

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button