Lucknow City

मायावती सपा-कांग्रेस पर बरसीं, कहा… इनका दिल-दिमाग गंदा, नीले गमछे डालने से नहीं बदलेगी सोच

सपा-कांग्रेस पर बहुजन समाज के हितों को लेकर सवाल, PDA को लेकर भी साधा निशाना मायावती ने कहा, नीला रंग अपनाने से जातिवादी, संकीर्ण, सामन्तवादी सोच नहीं बदल सकती, कांग्रेस को बताया डूबता जहाज, बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की चेतावनी का भी किया जिक्र

लखनऊ, 11 सितंबर 2026:

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस व अन्य विरोधी पार्टियों के नेताओं के नीला रंग अपनाने को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीएसपी का शुरू से चला आ रहा नीला रंग अब विरोधी दलों के गले के गमछे, कपड़ों से लेकर स्टेज तक नजर आने लगा है, लेकिन इससे सर्वसमाज, खासकर गरीबों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों व अन्य उपेक्षित वर्गों के प्रति उनकी वर्षों पुरानी सोच नहीं बदल सकती।

स्टेज व कपड़ों में नीला रंग अपनाने पर सवाल

मायावती ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि नीले कपड़े पहनने या स्टेज पर नीला कपड़ा इस्तेमाल करने से इन पार्टियों की जातिवादी, संकीर्ण, सामन्तवादी व पूंजीवादी सोच नहीं बदल सकती। उन्होंने कहा कि इससे ये लोग दिल से अम्बेडकरवादी होने वाले भी नहीं हैं। मायावती ने कहा कि बहुजन समाज के वास्तविक हित व कल्याण के प्रति पहले उन्हें अपना दिल व दिमाग पाक-साफ करना चाहिए।

ये भी पढ़ें:

बोलीं, गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं

बीएसपी प्रमुख ने आरोप लगाया कि इन वर्गों के मामले में विरोधी पार्टियां आए दिन गिरगिट की तरह रंग बदलती रहती हैं। उनका कहना है कि ये लोग कहते कुछ हैं, लेकिन करते उसके ठीक विपरीत हैं। खासकर सपा के PDA को लेकर मायावती ने उनकी सोच, चाल, चरित्र व चेहरा दोगला व बेईमान होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसके अनेकों उदाहरण हैं, जो सभी जानते हैं।

mayawati-attack-sp-congress-blue-gamcha-pda-ambedkarwadi-politics (2)

बीएसपी को बताया एकमात्र अम्बेडकरवादी पार्टी

मायावती ने कहा कि इन वर्गों की एकमात्र हितैषी व अम्बेडकरवादी पार्टी केवल बीएसपी ही है। उन्होंने पार्टी से निकाले गए नेताओं को लेकर भी विरोधी दलों पर निशाना साधा। कहा कि अनुशासनहीनता आदि के कारण समय-समय पर बीएसपी से निष्कासित किए गए कई लोग अब तक कई पार्टियां बदल चुके हैं। उनके मुताबिक इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि ये लोग स्वार्थी व अवसरवादी हैं।

छोटी पार्टियां बनाने वालों पर भी निशाना

मायावती ने कहा कि पार्टी से निकाले गए कुछ लोग दूसरी पार्टियों के हाथों में खेलकर छोटी-छोटी पार्टियां व संगठन भी बना लेते हैं। उनके मुताबिक ऐसी गतिविधियों से बहुजन समाज का सामूहिक हित नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टियां बिना किसी गठबंधन के चुनाव भी नहीं लड़ सकतीं, साथ ही किसी पार्टी की सरकार बनने पर सरकार में शामिल हुए बिना भी नहीं रह सकतीं।

कांग्रेस को बताया डूबता जहाज

मायावती ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी बीएसपी से निकाले गए लोगों को अपने साथ लेने की बात कर रही है, वह खुद डूबते जहाज की तरह है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी पार्टी में शामिल होकर कोई अपने भविष्य को अंधकार में क्यों डालेगा। मायावती ने कहा कि खासकर कांग्रेस से दूरी बनाने के लिए बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने अपने जीते-जी बहुजन समाज के लोगों को आगाह किया था।

पार्टी कार्यकर्ताओं को हालात समझने की सलाह

मायावती ने कहा कि मौजूदा हालात में पार्टी व मूवमेन्ट के हित में बीएसपी के लोगों के लिए इन बातों को जानना व समझना जरूरी है। उन्होंने अपने पोस्ट में बीएसपी से निकाले गए नेताओं को लेकर पार्टी के पुराने फैसलों का भी जिक्र किया है।

ये भी पढ़ें  अभी जान लें... शहर के कई मोहल्लों में 15 दिसंबर को दिन में बंद रहेगी वाटर सप्लाई

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button