
लखनऊ, 7 अगस्त 2026:
आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म Batwara 1947 के प्रमोशन के लिए अभिनेता सनी देओल, प्रीति जिंटा, करण देओल समेत फिल्म की टीम शुक्रवार को लखनऊ पहुंची। राजधानी में आयोजित प्रमोशनल कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने मीडिया से बातचीत की, प्रशंसकों से मुलाकात की और शहर की ऐतिहासिक पहचान रूमी दरवाजे पर भी पहुंचे। वहां सनी देओल ने तांगे की सवारी की, बेंच पर बैठकर तस्वीरें खिंचवाईं। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

रूमी दरवाजे पर दिखा अलग अंदाज
प्रमोशन के दौरान फिल्म की टीम लखनऊ के मशहूर रूमी दरवाजे पहुंची। यहां सनी देओल ने पारंपरिक तांगे की सवारी की। उन्होंने कुछ समय ऐतिहासिक परिसर में बिताया, फोटोशूट कराया और शहर की विरासत को करीब से देखा। उनके साथ प्रीति जिंटा और करण देओल भी मौजूद रहे। कलाकारों को देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक वहां पहुंच गए।

बोले, लखनऊ से पुराना रिश्ता है, हिंदू-मुस्लिम भाईचारे पर दिया जवाब
मीडिया से बातचीत में सनी देओल ने कहा कि उनका लखनऊ से काफी पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि पहले भी गदर की शूटिंग के सिलसिले में वह यहां आ चुके हैं। शहर की संस्कृति, यहां के लोगों का अपनापन और माहौल उन्हें हमेशा अपनी ओर खींचता है। उन्होंने कहा कि लखनऊ आकर हमेशा अच्छा महसूस होता है।
‘द हो हल्ला’ टीम के एक सवाल के जवाब में, जिसमें फिल्म में दिखाए गए हिंदू-मुस्लिम भाईचारे का जिक्र किया गया, सनी देओल ने कहा कि नफरत फैलाने वालों का कोई धर्म नहीं होता। उन्होंने कहा कि इंसानियत सबसे बड़ी चीज है और यही संदेश लोगों तक पहुंचना चाहिए।
तीन दशक बाद फिर साथ आई हिट जोड़ी
Batwara 1947 में करीब तीन दशक बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी फिर साथ नजर आएगी। फिल्म में शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है। संगीत एआर रहमान का है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।






