मंत्री राजभर का अखिलेश पर तीखा हमला : ‘लोफर लौंडों के दम पर सत्ता के सपने मत देखिए’, बाराबंकी हत्याकांड पर घेरा
UP Politics : सुभासपा प्रमुख ने सपा विधायक धर्मराज उर्फ सुरेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप, जौनपुर के मामले का भी किया जिक्र, बोले- अखिलेश यादव भेदभाव करते हैं, जनता सब देख रही

लखनऊ, 7 नवंबर 2026:
यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) 2027 से पहले सियासी घमासान तेज हो गया है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बाराबंकी में एक अधिवक्ता के बेटे की हत्या के मामले को लेकर अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि वह अपने विधायकों के कथित कारनामों पर चुप्पी साधे हुए हैं।
मंत्री राजभर ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा, ‘ए अखिलेश यादव जी, लोफर लौंडों के दम पर सत्ता के सपने मत देखिए। सपने से बाहर आकर सच्चाई देखिए।’ उन्होंने आरोप लगाया कि बाराबंकी में सपा विधायक धर्मराज उर्फ सुरेश यादव किसानों की जमीन हड़पने पर उतारू हैं। इसी विवाद में कथित तौर पर बाधा बन रहे अधिवक्ता राम मनोहर यादव के बेटे अभिनव यादव की हत्या करवा दी गई।
सुभासपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद अखिलेश यादव चुप क्यों हैं? उन्होंने कहा कि जिस युवक की हत्या हुई, वह भी यादव समाज से ही था। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश अपने विधायक के खिलाफ इसलिए नहीं बोल रहे क्योंकि आरोपी विधायक उनकी ही पार्टी और जाति से है।
जौनपुर के मामले में भी अखिलेश को घेरा
ओमप्रकाश राजभर ने जौनपुर की घटना का जिक्र करते हुए सपा विधायक लकी यादव पर विशाल यादव की हत्या के आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव भी अपने विधायक को संरक्षण देते रहे हैं। मंत्री ने सपा नेताओं पर गुंडागर्दी, माफियागिरी और सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगाते हुए कहा कि जब कथित तौर पर अपने ही समाज के लोगों के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है तो गैर-यादव पिछड़े और दलित समाज के लोगों के साथ कैसा बर्ताव होता होगा।
ए अखिलेश यादव जी
लोफर लौंडों के दम पर सत्ता के सपने मत देखिए। सपने से बाहर आकर सच्चाई देखिए। दूसरों की तो बात ही नहीं कह रहा, यहां तो यादव ही यादव की हत्या कर रहा है। स्वर्गीय मुलायम सिंह जी होते तो ये नहीं होने देते।
अखिलेश भाई! आपके बाराबंकी विधायक धर्मराज उर्फ सुरेश यादव, किसानों की ज़मीन हड़पने पर इस कदर उतारू हुए कि जमीन हड़पने में अड़ंगा बन रहे एक हाईकोर्ट और बाराबंकी के जुझारू अधिवक्ता राम मनोहर यादव के युवा बेटे को निर्दयता से मरवा दिया।
बावजूद इसके आप मुंह सिल के बैठे हैं। क्यों? क्योंकि मारने वाला विधायक आपका अपना ‘यादव’ है।
मगर मित्र अखिलेश जी, यहां तो वो होनहार युवा जिसे आपके विधायक ने मरवाया है वो भी यदुवंश का लाल ‘अभिनव यादव’ ही था।जौनपुर में भी यही हुआ था, आपके विधायक लकी यादव तो विशाल यादव की हत्या करने वालों को बचाते फिर रहे थे और तो और आप भी अपने विधायक जी को संरक्षण देते रहे।
सच ये है कि आपके लोग निर्दयी, गुंडे-बदमाश, माफिया, रंगबाज किस्म के हैं, जो पैसे और पॉवर के लिए जब अपनी ही जाति के अधिवक्ता के होनहार युवा पुत्र को मरवा सकते हैं तो समझ लीजिए कि वो गैर यादव पिछड़ा समाज और दलितों के साथ कैसा जुल्म करते होंगे।
अखिलेश जी, जब हम कहते हैं कि आप सत्ताइस छोड़िए अगले पैदाइश तक भी सत्ता में नहीं आएंगे तो उसके पीछे एक सबसे बड़ी वजह ये है कि आप भेदभाव बहुत करते हैं।
आपको क्या लगता है जनता ये सब नहीं देखती है? जनता सब देखती है, सब समझती है और जनता नहीं चाहती की कोई ऐसा व्यक्ति उनका लीडर बने, जो अपने लोडरों को संभाल भी न सके।
जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय परशुराम, जय महाराजा सुहेलदेव!
@yadavakhilesh
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) November 7, 2026
‘अगली पैदाइश तक सत्ता में नहीं आएंगे’
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि वह भेदभाव करते हैं और अपने लोगों को भी संभाल नहीं पा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव 2027 तो छोड़िए, अगली पैदाइश तक सत्ता में नहीं आएंगे। राजभर ने कहा कि जनता सब देख और समझ रही है तथा वह ऐसा नेता नहीं चाहती जो अपने लोगों को भी नियंत्रित न कर सके। राजभर के इस हमले को सपा के खिलाफ सत्तारूढ़ गठबंधन की आक्रामक राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।






