Lucknow CityPoliticsUttar Pradesh

UP Elections से पहले ‘खेला’ शुरू! भाजपा का साथ छोड़ेंगे मंत्री संजय निषाद? माता प्रसाद से भेंट के बाद अटकलें, RLJP के प्रदेश अध्यक्ष सपा में

निषाद पार्टी के मुखिया संजय निषाद बोले- भाजपा दरवाजा बंद करेगी तो दूसरे विकल्पों पर करेंगे विचार, निषाद आरक्षण से लेकर टिकट बंटवारे तक की चर्चा, उधर दो नेताओं के सपा में शामिल होने से विपक्षी खेमे में बढ़ी हलचल

लखनऊ, 15 सितंबर 2026:

यूपी विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ प्रदेश की सियासत में दल-बदल, मुलाकातों और नए राजनीतिक समीकरणों का दौर तेज होता जा रहा है। जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने में जुटी पार्टियों के बीच सोमवार को दो ऐसी राजनीतिक गतिविधियां हुईं, जिन्होंने चुनावी खेमेबाजी को लेकर चर्चाओं को और हवा दे दी। एक तरफ राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के प्रदेश अध्यक्ष संजय त्यागी ने सपा का दामन थाम लिया तो दूसरी तरफ योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के मुखिया डॉ. संजय निषाद ने सपा नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से उनके आवास पर मुलाकात की।

मंत्री संजय निषाद लखनऊ में माता प्रसाद पांडेय के आवास पहुंचे और उन्हें बुके भेंट किया। मुलाकात की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे ‘शिष्टाचार भेंट’ बताया और कहा कि विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। हालांकि, चुनाव से कुछ महीने पहले सत्ता पक्ष के एक प्रमुख सहयोगी दल के नेता की विपक्ष के वरिष्ठ नेता से मुलाकात ने सियासी अटकलों को जरूर तेज कर दिया है।

खास बात यह है कि संजय निषाद पिछले कुछ समय से अपनी ही सरकार को लेकर मुखर नजर आ रहे हैं। गोंडा में विनोद साहनी हत्याकांड के बाद वह सरकार के खिलाफ धरने पर भी बैठ गए थे। वह कई बार यह संकेत दे चुके हैं कि यदि उन्हें उचित सम्मान नहीं मिला तो उनके लिए दूसरे दरवाजे खुले हैं। मीडिया से बातचीत में संजय निषाद ने कहा कि सपा ने जब दरवाजा बंद किया था तब वे भाजपा के साथ चले गए थे। अगर भाजपा भी दरवाजा बंद करेगी तो दूसरे विकल्पों पर विचार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने कहा कि निषाद समाज के मुद्दे जो हल करेगा वे उसी के साथ रहेंगे। हालांकि, माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात को उन्होंने उनकी खराब तबीयत का हालचाल लेने से जोड़ते हुए कहा कि बातचीत में निषादों को अनुसूचित जाति में आरक्षण का मुद्दा भी उठा। संजय निषाद ने भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह से भाजपा कार्यालय में मुलाकात का भी जिक्र किया और बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर भी चर्चा हुई।
sanjay-nishad-mata-prasad-pandey-meeting-up-assembly-elections-sp (2)

Advertisement

उधर, RLJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय त्यागी ने अखिलेश यादव के नेतृत्व और सपा की नीतियों व सिद्धांतों में आस्था जताते हुए ‘साइकिल’ की सवारी कर ली। मेरठ के मवाना खुर्द निवासी त्यागी के सपा में जाने को पार्टी के लिए पश्चिमी यूपी में एक और राजनीतिक जोड़ के तौर पर देखा जा रहा है।

इसी क्रम में कौशाम्बी निवासी हिन्दुस्तान पीपुल्स पार्टी (राजपाल) के प्रदेश अध्यक्ष राममूरत पाल ने भी सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। चुनावी बिगुल से पहले इन घटनाक्रमों से साफ है कि यूपी में सियासी पाले अभी पूरी तरह तय नहीं हुए हैं। आने वाले दिनों में कई और राजनीतिक ‘सरप्राइज’ देखने को मिल सकते हैं।

ये भी पढ़ें  महिला संग होटल में था दरोगा, मचा हंगामा तो युवकों ने रूम से रोड तक पीटा

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link