
हरदोई, 19 सितंबर 2026:
यूपी के हरदोई में एक महिला के बैंक खाते से UPI के जरिए एक लाख रुपये निकाल लिए गए। यह रकम महिला के दिवंगत पति की LIC पॉलिसी के क्लेम के तौर पर खाते में आई थी। महिला रुपये निकालने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की सीतापुर रोड शाखा पहुंची तो खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने की जानकारी मिली। स्टेटमेंट निकलवाने पर तीन अलग-अलग तारीखों में पूरी एक लाख की रकम निकाले जाने का पता चला।
LIC क्लेम की पूरी रकम खाते में आई थी
कोतवाली शहर क्षेत्र में आजाद नगर निवासी रेखा देवी के पति रामतीर्थ की 28 नवंबर 2024 को मौत हो गई थी। उनके पति के नाम LIC की पॉलिसी थी। पति की मौत के बाद क्लेम के रूप में एक लाख रुपये रेखा देवी के बैंक खाते में जमा हुए थे। महिला का कहना है कि यही रकम उसके जीवन-यापन का मुख्य सहारा थी।
तीन बार में निकाले गए एक लाख रुपये
रेखा देवी के मुताबिक वह जरूरी काम के लिए खाते से रुपये निकालने बैंक पहुंचीं। वहां कर्मचारी ने खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने की बात बताई। इसके बाद उन्होंने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने UPI के जरिए रकम निकाल ली थी। स्टेटमेंट के अनुसार 6 जून को 5 हजार, 10 जून को 5 हजार रुपये निकाले गए। इसके बाद 16 जून को 90 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ। इस तरह कुल एक लाख रुपये खाते से निकल गए।
NCRP पर दर्ज कराई शिकायत, एसपी के आदेश पर लिखी गई FIR
महिला ने मामले को लेकर National Cyber Crime Reporting Portal यानी NCRP पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का acknowledgement number भी बताया गया। इसके बाद 10 अगस्त को कोतवाली शहर में लिखित तहरीर दी गई। रेखा देवी का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद अब तक मामले में FIR दर्ज नहीं की गई है। महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता को देखते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। इसके बाद ही उसकी एफआईआर दर्ज हो सकी।






