
गोरखपुर, 21 सितंबर 2026:
यूपी के गोरखपुर में एक के बाद दूसरी ट्रेन पर पत्थर फेंकने के आरोप में RPF ने पांच युवकों को पकड़ा है। घटना 20 सितंबर को अंडरपास के आगे कुशम्ही इलाके में हुई। गोरखपुर से देवरिया की ओर जा रही मौर्य एक्सप्रेस व फिर सप्तक्रांति एक्सप्रेस ट्रेन पर युवकों ने पत्थर फेंके। एक महिला यात्री के पत्थर लगने से घायल होने की सूचना भी गार्ड ने RPF को दी थी।
गार्ड ने आरपीएफ को दी जानकारी
मौर्य एक्सप्रेस ट्रेन के गार्ड ने VHF सेट से गोरखपुर छावनी RPF को बताया कि अंडरपास के आगे कुशम्ही की तरफ कुछ युवक खड़े हैं और गुजरती ट्रेन पर पत्थर फेंक रहे हैं। सूचना में एक महिला यात्री के घायल होने की बात भी बताई गई। इसके बाद RPF गोरखपुर छावनी के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अपराध आसूचना शाखा की टीम भी वहां पहुंची और गार्ड की ओर से बताए गए स्थान की जांच की।
टीम पहुंची तो भागने लगे युवक, पूछताछ में नशे में पत्थर फेंकने की बात कही
RPF टीम को मौके पर पांच युवक दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही सभी भागने लगे। जवानों ने पीछा कर पांचों को पकड़ लिया। घटनास्थल का सत्यापन करने के साथ पत्थरबाजी से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए गए। RPF के मुताबिक, पूछताछ में युवकों ने बताया कि उन्होंने शराब या किसी दूसरे नशे का सेवन किया था। इसी दौरान उन्होंने गुजरती ट्रेनों पर पत्थर फेंके। मामले में ट्रेन नंबर 12565 और 15027 के गार्ड की ओर से उपलब्ध कराई गई FIR को भी रिकॉर्ड में लिया गया है।
तीन युवक नंदानगर, दो कुशीनगर के
पकड़े गए युवकों की पहचान विकास कुमार (22), शंकर कुमार (20), धीरज कुमार (19), शिव कुमार (18) और राजन (18) के रूप में हुई है। विकास, शंकर और धीरज नंदानगर FCI क्रासिंग क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। शिव कुमार कुशीनगर जिले के बेलवनिया का रहने वाला है और फिलहाल नंदानगर में किराए के मकान में रह रहा था। राजन भी कुशीनगर जिले का रहने वाला बताया गया है।






