
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 25 सितंबर 2026ः
दूर-दराज क्षेत्रों से देहरादून आकर शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले डीएलएड प्रशिक्षुओं के लिए बड़ी सुविधा शुरू हो गई है। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) देहरादून में 281.68 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित छात्रावास का लोकार्पण किया। समारोह में शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्रावास की सुविधा से दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के दौरान बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। इससे वे आवास की चिंता से मुक्त होकर अपनी पढ़ाई एवं प्रशिक्षण पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों की शैक्षिक आवश्यकताओं के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी लगातार काम कर रही है। शिक्षक प्रशिक्षण में पारंपरिक तरीकों के साथ आधुनिक तकनीकों और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि शिक्षक-शिक्षिकाएं नए प्रयोगों को अपनाकर छात्रों के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकें। निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल ने कहा कि नवनिर्मित छात्रावास डायट में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। इससे उनका प्रशिक्षण अनुभव अधिक सुगम और सुविधाजनक होगा। डायट प्राचार्य हेमलता गौड़ उनियाल ने छात्रावास के लोकार्पण को संस्थान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि छात्रावास के संचालन से प्रशिक्षुओं को आवासीय दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत डीएलएड प्रशिक्षुओं के स्वागत गीत से हुई। इसके बाद प्रशिक्षुओं ने जौनसारी लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक पेश की। इस अवसर पर सचिव विद्यालयी शिक्षा ज्योति यादव, निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनोद प्रसाद सेमल्टी, अपर निदेशक एससीईआरटी पदमेंद्र सकलानी, संयुक्त निदेशक केएन बिजल्वाण, जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक देहरादून प्रेमलाल भारती, डायट प्राचार्य हेमलता गौड़ उनियाल सहित डीएलएड प्रशिक्षु मौजूद रहे।






