
राजकिशोर तिवारी
हरिद्वार, 26 सितंबर 2026ः
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र महज सरकारी योजनाओं के संचालन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य की बुनियाद तैयार करने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में इनकी भूमिका अहम है। शनिवार को हरिद्वार के चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में मंत्री ने माताओं, बहनों, किशोरियों और बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याएं व जरूरतें जानीं। 202 परिवारों को महालक्ष्मी किट, तेजस्विनी किट, रोजगार किट और पोषण किट समेत विभिन्न लाभकारी किट बांटी गईं। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं व आशा बहनों को सम्मानित किया गया।
बाल विकास मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं और सहायिकाएं सरकार की योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने में अहम कड़ी हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और जनजागरूकता के क्षेत्र में उनकी भूमिका लगातार महत्वपूर्ण बनी हुई है। सरकार उनके समर्पण और उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में सात महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। साथ ही बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी हुआ। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और संतुलित पोषण के महत्व पर महिलाओं से संवाद किया गया।

रेखा आर्या ने चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र तृतीय का शुभारंभ भी किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे बातचीत की। मंत्री ने बच्चों से केंद्र में होने वाली किसी भी परेशानी या असुविधा के बारे में जानकारी ली। मंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे उत्साहित दिखे। रेखा आर्या ने कहा कि महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, बाल विकास परियोजना अधिकारी गीता शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता समेत पदाधिकारी मौजूद रहे।






