यूपी उपचुनाव : करहल सीट सपा ने जीती, रालोद की झोली में मीरापुर

लखनऊ, 23 नवंबर 2024:
यूपी विधानसभा के उपचुनाव में मैनपुरी की करहल सीट जीतने की भाजपा की कोशिश कामयाब नहीं हो सकी। इस सीट पर सपा के तेज प्रताप यादव जीत गए। दूसरी तरफ मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट पर भाजपा के सहयोगी रालोद की प्रत्याशी मिथलेश पाल ने जीत दर्ज की है।
अखिलेश यादव का गढ़ कहे जाने वाली करहल सीट पर भाजपा ने सैफई परिवार के दामाद अनुजेश यादव को उतारा था। अनुजेश यादव को 89503 वोट मिले। सपा के तेज प्रताप यादव ने 1,04,207 वोट प्राप्त हुए। वे करीब 14 हजार मतों से जीत गए।
मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट रालोद प्रत्याशी मिथलेश पाल ने करीब 30 हजार वोटों से जीती। उन्होंने सपा की सुम्बुल राणा को हराया है। मिथलेश को 83,852 वोट और सुम्बुल को 53426 वोट मिले। बसपा प्रत्याशी शाह नजर को सिर्फ 3181 वोट मिले। आसपा के जाहिद हुसैन को 22400 और एआईएमआईएम के प्रत्याशी अरशद राना को 18,867 वोट मिले।






