
अनिल निषाद
अयोध्या, 27 सितंबर 2026:
यूपी के अयोध्या में दर्शननगर चौकी क्षेत्र स्थित यश पेपर मिल में रविवार को केमिकल इंजीनियर आशीष शिवहरे का शव पानी साफ करने वाले केमिकल टैंक में मिला। आशीष बांदा जिले के रहने वाले थे और पेपर मिल में केमिकल इंजीनियर के पद पर तैनात थे। शव मिलने की जानकारी के बाद मिल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने टैंक से शव को बाहर निकाला
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम यश पेपर मिल पहुंची। पुलिस ने शव को केमिकल टैंक से बाहर निकलवाया। मौके की स्थिति देखने के साथ घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बताया गया कि आशीष अयोध्या में किराए के कमरे में रहकर नौकरी कर रहे थे। उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने कंपनी से जुड़े कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के आरोप के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आशीष किन परिस्थितियों में केमिकल टैंक तक पहुंचे।

हादसा या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस घटना के हर पहलू की पड़ताल कर रही है। आशीष की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, इसे लेकर मिल परिसर में मौजूद साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। घटना से पहले की परिस्थितियों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
एसपी सिटी बोले, मुकदमा दर्ज
एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और साफ हो सकेगी। पुलिस परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की भी जांच कर रही है।






