Ayodhya

Ayodhya में आज विकास, संस्कृति व आस्था का संगम, CM Yogi करेंगे कई परियोजनाओं का लोकार्पण

जैन पंचकल्याणक महोत्सव में होंगे शामिल, महंत नृत्य गोपालदास के जन्मोत्सव में लेंगे आशीर्वाद, 10 करोड़ की लागत से बने रामायण वैक्स म्यूजियम का करेंगे उद्घाटन

लखनऊ, 19 जून 2026:

रामनगरी अयोध्या आज आस्था, संस्कृति और विकास के कई महत्वपूर्ण आयोजनों की साक्षी बनेगी। प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचकर धार्मिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनकी यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमाई हुई है। हालांकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पूरी तरह विकास, धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित रहेगा।

मुख्यमंत्री दोपहर बाद करीब 3:30 बजे श्री ऋषभ देव दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होंगे। जैन धर्म में इस महोत्सव का विशेष महत्व माना जाता है। यह आयोजन तीर्थंकरों के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख कल्याणकों गर्भ, जन्म, तप, केवलज्ञान और मोक्ष की स्मृति में मनाया जाता है। देशभर से आए जैन संत, धर्माचार्य और श्रद्धालु इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। अयोध्या का जैन धर्म से भी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक संबंध माना जाता है, ऐसे में मुख्यमंत्री की उपस्थिति कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान करेगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 4:20 बजे रामजन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख संत और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास के जन्मोत्सव समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महंत, धर्माचार्य और गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। महंत नृत्य गोपालदास को राम मंदिर आंदोलन की प्रमुख हस्तियों में गिना जाता है।

मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम शाम 5 बजे निर्धारित है। वे कांशीराम कॉलोनी के निकट लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रामायण वैक्स म्यूजियम का लोकार्पण करेंगे। यह संग्रहालय अयोध्या के पर्यटन और सांस्कृतिक विकास को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। म्यूजियम में भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान सहित रामायण के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत मोम प्रतिमाओं के माध्यम से दर्शाया गया है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री नगर निगम अयोध्या की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। माना जा रहा है कि उनकी यह यात्रा अयोध्या को धार्मिक नगरी के साथ-साथ विश्वस्तरीय सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button