
अनिल निषाद
अयोध्या, 28 सितंबर 2026:
यूपी के अयोध्या में पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों पर रौब दिखाने और वसूली करने वाले फर्जी पुलिसकर्मी को कोतवाली अयोध्या पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सत्यम मिश्रा (26) निवासी मिश्रौलिया कलवारी, बस्ती के रूप में हुई है। वह खुद को सिपाही बताकर दुकानदारों, व्यापारियों और आम लोगों को जांच का डर दिखाता था।
रेलवे स्टेशन और बाजार में दिखाता था वर्दी का रौब
पुलिस के अनुसार सत्यम मिश्रा रेलवे स्टेशन और आसपास के बाजारों में उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही की पूरी वर्दी पहनकर घूमता था। लोगों को पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर उनसे रुपये वसूलता था। आरोप है कि उसने एक व्यक्ति को खुद को पुलिसकर्मी बताकर झांसे में लिया और उसका मोबाइल फोन भी ले लिया।

बड़ी छावनी मोड़ पर घेराबंदी कर पकड़ा
फर्जी पुलिसकर्मी की सूचना मिलने के बाद कोतवाली अयोध्या पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने बड़ी छावनी मोड़, परिक्रमा मार्ग के पास घेराबंदी कर सत्यम मिश्रा को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से सिपाही की पूरी वर्दी, फर्जी पुलिस पहचान पत्र, दो Android मोबाइल फोन और अलग-अलग लोगों से वसूले गए 7,500 रुपये बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस विभाग में कर्मचारी नहीं होने की बात स्वीकार की।






