
लखनऊ, 28 सितंबर 2026:
राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) छात्रसभा ने सोमवार को लखनऊ से प्रदेशव्यापी ‘RLD Campus Connect’ अभियान की शुरुआत की। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ शुरू हुए इस अभियान के जरिए रालोद छात्रसभा प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों तक पहुंचकर विद्यार्थियों और युवाओं से सीधे संवाद करेगी।
अभियान को महज संगठन के विस्तार तक सीमित रखने के बजाय छात्र-युवा मुद्दों को केंद्र में रखने की बात कही गई है। इसके तहत शिक्षा, रोजगार, खेल, स्वास्थ्य, नशा-मुक्ति और युवाओं की सामाजिक एवं लोकतांत्रिक भागीदारी जैसे विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छात्र-छात्राओं से उनकी समस्याएं, अपेक्षाएं और सुझाव जानकर उन्हें उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास भी किया जाएगा।
रालोद के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना आज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ‘RLD Campus Connect’ के जरिए छात्रसभा प्रदेश के हर जनपद में विद्यार्थियों के बीच पहुंचेगी और उनके मुद्दों पर संवाद करेगी। शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, नशा-मुक्ति और सार्वजनिक जीवन में युवाओं की भागीदारी को उन्होंने पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी बताया।
वहीं, रालोद छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पाण्डेय ने कहा कि आज का युवा सिर्फ भविष्य की शक्ति नहीं अपितु वर्तमान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उनके मुताबिक छात्रों के सामने शिक्षा और रोजगार के साथ नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक भागीदारी जैसी चुनौतियां हैं। इन मुद्दों पर केवल चर्चा के बजाय कैंपस में जाकर लगातार संवाद और जागरूकता की जरूरत है।

Student Dialogue से ‘Say No to Drugs’ तक
‘RLD Campus Connect’ के तहत चरणबद्ध तरीके से Student Dialogue, Student Panchayat, Sports & Fitness, Say No to Drugs और Youth in Public Life जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय स्तर पर छात्रों की शैक्षणिक और परिसर से जुड़ी समस्याओं तथा सुझावों को भी संकलित किया जाएगा।
अमन पाण्डेय ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा में युवा, शिक्षा, गांव और किसान हमेशा केंद्र में रहे हैं। ऐसे में युवाओं को केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे वर्ष शिक्षा, खेल, सामाजिक गतिविधियों और संवाद से जोड़ने की जरूरत है।
31 अक्टूबर को मेरठ में बड़ी छात्र पंचायत
अभियान का अगला बड़ा पड़ाव 31 अक्टूबर को मेरठ होगा। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर बड़ी छात्र पंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें शिक्षा, रोजगार, खेल, नशा-मुक्ति और युवाओं की सामाजिक एवं लोकतांत्रिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर छात्र-युवाओं के साथ संवाद होगा।
रालोद के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी के मुताबिक अभियान के दौरान छात्रसभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव बालियान, रालोद के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह और छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पाण्डेय समेत पार्टी व छात्रसभा के पदाधिकारी विभिन्न जनपदों में विद्यार्थियों के बीच पहुंचेंगे। छात्रसभा का कहना है कि भगत सिंह के विचारों से प्रेरणा लेते हुए युवाओं में राष्ट्र, समाज और लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करना भी अभियान का अहम उद्देश्य है।






