
लखनऊ, 7 अगस्त 2026:
Kanwar Yatra को आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का महापर्व बताते हुए यूपी के CM योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट कहा कि इसके शांतिपूर्ण संचालन में बाधा डालने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि भ्रामक और मिथ्या समाचारों के जरिए माहौल बिगाड़ने की हर कोशिश का तत्काल तथ्यात्मक खंडन किया जाए। मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, कांवड़ यात्रा, बाढ़ की स्थिति, आगामी त्योहारों, खाद की उपलब्धता और स्कूली वाहनों की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जातीय विद्वेष फैलाने की साजिशों के बीच लाखों श्रद्धालुओं की सहभागिता वाली कांवड़ यात्रा सामाजिक समरसता का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरी है। उन्होंने बताया कि अनेक सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाएं भी शिवभक्तों की सेवा में जुटी हैं। समीक्षा के दौरान एडीजी मेरठ ने सीमावर्ती राज्यों से बेहतर समन्वय की जानकारी दी। पुलिस कमिश्नर गाजियाबाद ने बताया कि अब तक करीब 70 हजार कांवड़ यात्री जिले से गुजर चुके हैं। अगले दो दिनों में संख्या और बढ़ने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने बरेली में कांवड़ यात्रा और आला हजरत उर्स को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने इस्लामिक समुदाय द्वारा उर्स के दौरान शाकाहारी भोजन वितरण और शिवभक्तों की आस्था का सम्मान करते हुए आयोजन को सीमित दायरे में रखने की सराहना की तथा इसे सामाजिक सद्भाव और पारस्परिक सम्मान का उदाहरण बताया।
प्रदेश में यूरिया और डीएपी की कोई कमी नहीं
खाद की उपलब्धता की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में यूरिया, डीएपी सहित उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारियों को वितरण व्यवस्था पारदर्शी रखने, खतौनी सत्यापन के बाद ही खाद उपलब्ध कराने, पैक्स पर अतिरिक्त मानवबल तैनात करने तथा कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। नेपाल सीमा से सटे जिलों में भी विशेष निगरानी रखने को कहा।
मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश
महिला सुरक्षा पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराध किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं होंगे। मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने, 45 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मियों की प्रभावी तैनाती, शोहदों व टप्पेबाजों की पहचान सार्वजनिक करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।
बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत कार्यों में तेजी लाने की हिदायत
बैठक में बलिया, बाराबंकी और उन्नाव समेत आठ बाढ़ प्रभावित जिलों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों में तेजी लाने, कटान प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई, बलिया के प्रभावित परिवारों को भूमि का पट्टा और आवास उपलब्ध कराने तथा अगले एक सप्ताह में संभावित अच्छी बारिश को देखते हुए सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्कूली वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करने और ई-रिक्शा, टैक्सी व स्कूल वाहन चालकों का अनिवार्य सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए।






