Uttar Pradesh

UP DGP : प्रशांत कुमार को मिलेगा सेवा विस्तार या दूसरे अफसर को कमान? आज होगा फैसला

लखनऊ, 31 मई 2025

यूपी के सात आईपीएस अफसरों के सेवानिवृत्त होने का आज दिन (31 मई) है। उनमें प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार का नाम भी शामिल है। रिटायर होने वाले छह आईपीएस अफसरों के लिए गत गुरुवार को डीजीपी मुख्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में डीजीपी प्रशांत कुमार को विदाई नहीं दी गई, क्योंकि उन्हें सेवा विस्तार मिलने की संभावना जताई जा रही है। कुछ घंटे बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी क्योंकि आज शाम तक डीजीपी प्रशांत कुमार के सेवा विस्तार पर फैसला होना है।

बताया जा रहा है कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से प्रशांत कुमार को सेवा विस्तार देने का अनुरोध किया है। हालांकि, अब तक केंद्र की ओर से कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। सूत्रों के अनुसार यदि सेवा विस्तार नहीं मिला तो डीजीपी आज मुख्यालय में तैनात किसी वरिष्ठ अधिकारी को कार्यभार सौंप देंगे। इसके बाद उनकी सेवानिवृत्ति पर औपचारिक विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। परंपरा के अनुसार डीजीपी के सेवानिवृत्त होने पर विदाई परेड भी आयोजित की जाती है, लेकिन उसे लेकर भी अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसलिए प्रशांत कुमार को सेवा विस्तार मिलने की संभावना अधिक है।

यदि प्रशांत कुमार को सेवा विस्तार नहीं मिलता, तो डीजी प्रशिक्षण तिलोत्तमा वर्मा और डीजी विजिलेंस व पुलिस भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष राजीव कृष्णा डीजीपी पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं। तिलोत्तमा वर्मा 30 नवंबर 2025 को सेवानिवृत्त होंगी, जबकि राजीव कृष्णा की सेवा अवधि में अभी चार वर्ष शेष हैं।

वैसे गृह विभाग ने अब तक नए डीजीपी के चयन को लेकर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को कोई पैनल भेजने की पुष्टि भी नहीं की है। ऐसे में शाम तक स्पष्ट हो जाएगा कि यूपी को नया कार्यवाहक डीजीपी मिलेगा या प्रशांत कुमार को सेवा विस्तार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button