उत्तराखंड राज्यसभा सीट पर चुनाव : भाजपा ने खेला दलित कार्ड, दिनेश आर्य को बनाया उम्मीदवार
पार्टी केंद्रीय कार्यालय ने जारी की लिस्ट, मौजूदा समय में राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के हैं उपाध्यक्ष, पश्चिम बंगाल के लिए रुक्मिणी मल्लिक को मैदान में उतारा, 25 नवंबर को समाप्त हो रहा कार्यकाल

योगेंद्र मलिक
देहरादून, 4 अक्टूबर 2026ः
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव के लिए विश्लेषकों को चौंकाते हुए दायित्वधारी दिनेश आर्य को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है। बीजेपी ने दलित कार्ड का दांव चला है। पार्टी केंद्रीय कार्यालय ने रविवार को सूची जारी की। इससे पहले उत्तराखंड राज्यसभा सीट पर चुनाव के लिए करीब 24 लोगों के नामों पर मंथन हुआ था, जिसमें से कई लोगों की दावेदारी मजबूत बताई जा रही थी। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के लिए रुक्मिणी मल्लिक (कोयल मल्लिक) को राज्यसभा उप चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया गया है।

प्रत्याशी बनाए गए दिनेश आर्य हल्द्वानी से ताल्लुक रखते हैं। वे मौजूदा समय में राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष भी हैं। आर्य नैनीताल भाजपा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। गौरतलब है कि कई बड़े नेता राज्यसभा की दौड़ में शामिल थे, लेकिन भाजपा नेतृत्व ने कुमाऊं के पार्टी नेता दिनेश आर्य पर भरोसा जताया। उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव होना है। बताया जा रहा है कि पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने से दिनेश आर्य नाराज थे, लेकिन अब पार्टी ने उन्हें बड़ा मौका दिया है।
माना जा रहा है कुछ दिनों में बीजेपी यूपी में होने वाले राज्यसभा चुनावों के लिए भी उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है। पश्चिम बंगाल से भाजपा ने महिला कार्ड खेला है। रुक्मिणी मल्लिक बंगाली सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री हैं। वह पश्चिम बंगाल के दिग्गज अभिनेता रंजीत मल्लिक की बेटी हैं। मार्च 2026 में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की ओर से राज्यसभा सांसद चुनी गईं थीं, लेकिन उन्होंने जुलाई में TMC से इस्तीफा देकर भाजपा जॉइन की थी। इसके बाद उनकी खाली सीट पर राज्यसभा चुनाव होना है, जिसके लिए भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि यूपी की 10 और उत्तराखंड की एक सीट पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है।






