अब मुकेश अंबानी के नाम पर ठगी… वाराणसी में व्यापारी से 4.49 लाख हड़पे

अंशुल मौर्य
वाराणसी, 27 नवंबर 2024:
साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। यूपी के वाराणसी के लालपुर पांडेपुर थाना क्षेत्र के एक व्यापारी को जालसाजों ने जाने माने उद्योगपति मुकेश अंबानी के नाम पर अपने जाल में फंसाया और करीब साढ़े चार लाख रुपये ऐंठ लिए।
जानकारी के मुताबिक व्यापारी सर्वेश कुमार चौबे को फेसबुक मैसेंजर पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाली महिला ने खुद को सीबीई अफसर बताया। कहा कि सरकार ने उन्हें मुकेश अंबानी के दफ्तर में विशेष काम से तैनात किया है।
500 करोड़ के हॉस्पिटल में पार्टनर बनाने का दिया झांसा
उसने सर्वेश को बताया कि मुकेश अंबानी पूर्वांचल में 500 करोड़ रुपये का एक हॉस्पिटल बनाने का प्लान कर रहे हैं। उन्हें एक बेहतर पार्टनर की जरूरत हैं। आप को इंटरेस्ट हो तो बात करवा सकती हूं। सर्वेश ने अनजान महिला की बातों को सच मान लिया। महिला ने बताया कि जल्द ही मुकेश अंबानी आपसे बात करेंगे। उसने सर्वेश का वाट्सएप नंबर भी लिया। उसने एक फोन नंबर दिया।
…मुकेश अंबानी बनकर बात भी की
सर्वेश ने उस नंबर पर कई बार कॉल किया तो एक व्यक्ति ने रिसीव किया। उसने खुद को मुकेश अंबानी बताया।
जालसाजों ने उद्योगपति मुकेश अंबानी बनकर बात की और सर्वेश को 500 करोड़ रुपए के हॉस्पिटल का प्लान समझाया। उसमें पार्टनर बनने का झांसा देकर सर्वेश से 4.49 लाख रुपये ऐंठ लिए। सर्वेश की तहरीर पर लालपुर पांडेयपुर थाने में केस दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।






