Uttarakhand

कुंभ की तैयारी पर मुख्य सचिव की वार्निंग, बोले- अब डेट नहीं खिसकेगी, नवंबर तक पुल व पार्किंग तैयार हों

अस्थायी पुलों का निर्माण नवंबर के अंत तक पूरा करने के निर्देश, पार्किंग के लिए सरकारी जमीन पर तुरंत शुरू होगा काम, साइनेज में QR Code और श्रद्धालुओं के लिए बनेगा समर्पित ऐप, जनगणना व चुनावी ड्यूटी से कुंभ की तैयारियां प्रभावित न हों इसके लिए पहले से तय होगी मैनपावर

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 8 अक्टूबर 2026:

उत्तराखंड के हरिद्वार में होने वाले Kumbh Mela 2027 की तैयारियों को लेकर सरकार ने अब काम की डेडलाइन तय कर दी है। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने निर्माण कार्यों की समीक्षा में अधिकारियों से साफ कहा कि जिन कामों को तय समय में पूरा किया जाना है, उनकी लगातार मॉनिटरिंग हो। जो काम एक साथ किए जा सकते हैं, उन्हें अलग-अलग चरणों में करने के बजाय समानांतर पूरा किया जाए।

मैनपावर की अभी से बनेगी योजना

मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना और निर्वाचन से जुड़े कामों के चलते कुंभ की तैयारियों के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अभी से जरूरी मानव संसाधन का आंकलन कर तैनाती की कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हो सकें।

ये भी पढ़ें:

QR Code से मिलेगी कुंभ क्षेत्र की पूरी जानकारी

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुंभ क्षेत्र में साइनेज व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर भी जोर दिया गया। महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाए जाने वाले साइनेज में QR Code की सुविधा देने को कहा गया है। इसे स्कैन करने पर श्रद्धालुओं को संबंधित स्थल के ऐतिहासिक, धार्मिक और उपयोगी विवरण मिल सकेंगे।

Advertisement

एक ऐप पर मिलेगी लोकेशन से लेकर सुविधाओं की जानकारी

कुंभ क्षेत्र में श्रद्धालुओं को अलग-अलग जगहों की जानकारी तलाशने में परेशानी न हो, इसके लिए समर्पित ऐप तैयार करने का सुझाव दिया गया। इसमें कुंभ क्षेत्र की लोकेशन के साथ उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी एक ही जगह देने की योजना है।

नवंबर के अंत तक तैयार होने चाहिए अस्थायी पुल

कुंभ के दौरान यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए अस्थायी पुलों को प्राथमिकता दी गई है। मुख्य सचिव ने इनका निर्माण नवंबर के अंत तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। इन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को भी कहा गया है, जिससे समय सीमा में कोई चूक न हो।

पार्किंग के लिए जमीन चिह्नित कर तुरंत शुरू होगा काम

कुंभ क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था के लिए सरकारी विभागों और सरकारी एजेंसियों की जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए गए। जमीन तय होने के बाद वहां जरूरी सुविधाओं का निर्माण तत्काल शुरू करने को कहा गया है। नहरबंदी के दौरान किए जाने वाले कामों की तैयारी पहले से पूरी करने पर भी जोर दिया गया, जिससे इस अवधि का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल हो सके।

कुंभ खत्म होने के बाद भी काम आएंगी स्थायी सुविधाएं

मुख्य सचिव ने स्थायी रूप से तैयार की जा रही व्यवस्थाओं के कुंभ के बाद संचालन और रखरखाव की योजना भी अभी से बनाने को कहा। विभागों को इन परिसंपत्तियों के रखरखाव और इस्तेमाल की जिम्मेदारी पहले से तय करनी होगी।

वैकल्पिक रास्तों पर भी अभी से तैयारी

कुंभ के दौरान यातायात सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था समय से तैयार करने के निर्देश दिए गए। मेलाधिकारी और सभी संबंधित विभागाध्यक्षों को नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा में काम पूरा कराने को कहा गया। बैठक में प्रमुख सचिव डॉ आर मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल आनन्द स्वरूप और मेलाधिकारी सोनिका समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  चारधाम यात्रा 2025 के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में बड़े सुधार, श्रद्धालुओं को मिलेगा बेहतरीन इलाज

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link