ElectionsLucknow CityUttar Pradesh

अखिलेश यादव ने अब PDA में जोड़ा ‘अग्रवाल-अग्रवंशी’, बोले- अब 5% भाजपा बनाम 95% PDA की लड़ाई

UP MLC Election : आगरा शिक्षक सीट पर डॉ. आकाश अग्रवाल की जीत से उत्साहित सपा प्रमुख ने अग्रहरि समाज को लेकर किया बड़ा सियासी दावा, विजयी प्रत्याशियों को जुलूस न निकालने और सोशल मीडिया के जरिए जीत का संदेश देने की दी नसीहत

लखनऊ, 28 अक्टूबर 2026:

यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी ताकत का सेमीफाइनल माने जा रहे विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव में आगरा शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल की जीत ने पार्टी का उत्साह बढ़ा दिया है। इस जीत से उत्साहित सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की परिभाषा में ‘A’ को नया विस्तार दिया है। उन्होंने कहा कि अब PDA में ‘ए’ का मतलब ‘अग्रवाल-अग्रवंशी’ भी है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि डॉ. आकाश अग्रवाल और उनके साथियों के साथ भाजपा तथा उसके समर्थकों ने दुर्व्यवहार किया। उन्होंने दावा किया कि इस घटना से अग्रहरि समाज के लोग आहत और अपमानित महसूस कर रहे हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि आज अग्रहरि समाज खुद को ठगा और पीड़ित महसूस कर रहा है। इसी संदर्भ में उन्होंने नारा दिया, ‘जो पीड़ित, वो पीडीए!’

‘अग्रवाल समाज के साथ आने से बढ़ी हमारी ताकत’

सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि अग्रवाल समाज के साथ आने से पार्टी का जनाधार और मनोबल कई गुना बढ़ा है। उन्होंने कहा कि शैक्षिक और व्यावसायिक रूप से सशक्त इस समाज का साथ मिलना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। अखिलेश ने इसी आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव को ‘5 प्रतिशत भाजपाई बनाम 95 प्रतिशत पीडीए’ की लड़ाई बताया। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों को पार्टी के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके आदर्श कल भी प्रकाश स्तंभ थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे।

ये भी पढ़ें:

MLC विजेताओं को जुलूस न निकालने की नसीहत

इससे पहले अखिलेश यादव ने चुनाव में जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों और उनके साथियों को बधाई दी। उन्होंने जीत का जश्न मनाने के दौरान सतर्कता बरतने की भी सलाह दी। सपा प्रमुख ने कहा कि जीत की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाई जाए और कोई हो-हल्ला या जुलूस न निकाला जाए।

Advertisement

उन्होंने आशंका जताई कि भाजपा समर्थक उनके बीच घुसकर माहौल बिगाड़ सकते हैं और बाद में सपा कार्यकर्ताओं पर हुड़दंग का आरोप लगाया जा सकता है। अखिलेश ने कार्यकर्ताओं को षड्यंत्र और झूठे आरोपों से बचने की नसीहत देते हुए कहा कि सामने विधानसभा चुनाव है और भाजपा साजिश के जरिए पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश कर सकती है।

जीत में सहयोग करने वालों का होगा सम्मान

अखिलेश यादव ने सभी विजयी एमएलसी से उन कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों की सूची तैयार करने को कहा जिन्होंने चुनाव में उनका समर्थन और सहयोग किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी ऐसे सभी लोगों का सम्मान करेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि संभव हुआ तो वह स्वयं विजयी प्रत्याशियों के क्षेत्र में जाकर उनका अभिनंदन करेंगे।

ये भी पढ़ें  बुंदेलखंड में घर-घर पानी: सूखे की धरती पर बहने लगी उम्मीदों की धारा

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link