Lucknow City

UP News : एक नवंबर से धान खरीद, 65 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य, किसानों को 20 रुपये प्रति कुंतल अतिरिक्त

पूर्वी यूपी और लखनऊ संभाग के जिलों में 28 फरवरी तक होगी खरीद, 4195 क्रय केंद्र तैयार, किसानों को 48 घंटे में डीबीटी से भुगतान के निर्देश

लखनऊ, 30 अक्टूबर 2026:

यूपी के पूर्वी जनपदों में धान की सरकारी खरीद एक नवंबर से शुरू होने जा रही है। इसके साथ लखनऊ संभाग के चयनित जिलों में होने वाली यह खरीद अगले साल 28 फरवरी तक चलेगी। किसानों को इस बार धान का बढ़ा हुआ न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मिलेगा। केंद्र सरकार ने कॉमन धान का एमएसपी 2441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो और मौसम को देखते हुए सभी जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।

65 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य

प्रदेश सरकार ने इस बार धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 65 लाख मीट्रिक टन कर दिया है। पिछले खरीद सत्र में प्रदेश ने 62 लाख मीट्रिक टन धान खरीदकर देश में सर्वाधिक खरीद का रिकॉर्ड बनाया था। इस बार आठ क्रय एजेंसियों के माध्यम से प्रदेशभर में 4500 क्रय केंद्र संचालित किए जाएंगे। इनमें से शुक्रवार तक 4195 केंद्र खोले जा चुके हैं। शेष केंद्रों को भी जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

उतराई, छनाई और सफाई के लिए मिलेंगे 20 रुपये अतिरिक्त

किसानों को धान की बिक्री के दौरान होने वाले खर्च से राहत देने के लिए उतराई, छनाई और सफाई के मद में 20 रुपये प्रति कुंतल अतिरिक्त दिए जाएंगे। धान बिक्री के बाद किसानों को 48 घंटे के भीतर डीबीटी के जरिए भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और बिचौलियों की भूमिका खत्म करने के लिए पूरी व्यवस्था ऑनलाइन की गई है।

ये भी पढ़ें:

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, पेयजल और बैठने की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। इसके साथ ही मौसम की स्थिति को देखते हुए अन्य जरूरी सुविधाएं भी समय से उपलब्ध कराई जाएं।

Advertisement

इन जिलों में एक नवंबर से होगी खरीद

पूर्वी उत्तर प्रदेश के चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर और प्रयागराज संभाग में एक नवंबर से धान खरीदा जाएगा। इसके अलावा लखनऊ संभाग के लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव जिलों में भी इसी तारीख से खरीद शुरू होगी।

38 हजार से अधिक किसानों ने कराया पंजीकरण

सरकारी खरीद के लिए अब तक 38 हजार से अधिक किसान पंजीकरण करा चुके हैं। जिन किसानों ने अभी तक पंजीकरण या नवीनीकरण नहीं कराया वे खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in अथवा UP KISAN MITRA के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। खरीद के दौरान किसी तरह की समस्या आने पर किसान टोल फ्री नंबर 18001800150 पर शिकायत या जानकारी दे सकते हैं। अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें  लखनऊ की सड़कों पर दिखा भारत-साउथ अफ्रीका मैच का क्रेज, खेल प्रेमियों ने शरीर पर लिखवाए खिलाड़ियों के नाम

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link