Business

Stock Market Today : सेंसेक्स की 800 अंकों की छलांग, रिलायंस के शेयरों ने बाजार में भरा जोश

नवंबर के पहले कारोबारी वाले दिन तेल की कीमतों में गिरावट से निवेशकों को राहत, रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 4.42 फीसदी चढ़े, मेटल, सरकारी बैंक, ऑटो सेक्टर में भी खरीदारी

बिजनेस डेस्क, 2 नवंबर 2026:

भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 800 से ज्यादा अंक उछलकर 75,270 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 200 से ज्यादा अंकों की बढ़त के साथ 23,260 पर कारोबार करता दिखा। बाजार में आई इस तेजी के पीछे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, विदेशी निवेशकों की खरीदारी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के बेहतर तिमाही नतीजों को अहम वजह माना जा रहा है।

कच्चे तेल के दाम घटने से बाजार को राहत

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट ने भारतीय शेयर बाजार को सहारा दिया। ईरान संघर्ष खत्म करने के लिए बातचीत में प्रोग्रेस की उम्मीद के बीच पिछले सप्ताह छह महीने के ऊंचे स्तर पर पहुंचे तेल के दाम नीचे आए। ब्रेंट क्रूड 3.02 फीसदी गिरकर 110.01 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं, अमेरिकी कच्चा तेल डब्ल्यूटीआई 3.05 फीसदी की गिरावट के साथ 100.94 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

रिलायंस के शेयरों में सबसे ज्यादा हलचल

बाजार की तेजी में रिलायंस इंडस्ट्रीज की बड़ी भूमिका रही। सितंबर तिमाही के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहने के बाद कंपनी के शेयरों में 4.42 फीसदी की तेजी आई। टाटा स्टील 3.52 फीसदी चढ़ा, जबकि एनटीपीसी के शेयर में 3.16 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। मारुति के शेयर 2.46 फीसदी ऊपर रहे। पावर ग्रिड में 1.80 फीसदी जबकि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड यानी बीईएल में 1.79 फीसदी की तेजी देखने को मिली।

ये भी पढ़ें:

मेटल से लेकर ऑटो सेक्टर तक में खरीदारी

सेक्टर के हिसाब से देखें तो निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स 2.39 फीसदी चढ़ा। मेटल इंडेक्स में 1.47 फीसदी की बढ़त रही। सरकारी बैंकों के शेयरों वाला पीएसयू बैंक इंडेक्स 1.63 फीसदी ऊपर पहुंचा, जबकि ऑटो इंडेक्स में 1.20 फीसदी की तेजी आई। आईटी सेक्टर भी पीछे नहीं रहा और निफ्टी आईटी इंडेक्स 0.46 फीसदी चढ़ गया।

Advertisement

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी

बाजार में खरीदारी का असर बड़ी कंपनियों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों पर भी दिखाई दिया। निफ्टी 100 में 0.95 फीसदी, निफ्टी 200 में 0.92 फीसदी जबकि निफ्टी 500 में 0.89 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.78 फीसदी ऊपर रहा। वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.27 फीसदी की तेजी आई। हालांकि, बाजार में उतार-चढ़ाव का संकेत देने वाला इंडिया विक्स 1.71 फीसदी बढ़कर 15.57 पर पहुंच गया।

विदेशी निवेशकों की खरीदारी से मिला सपोर्ट

शेयर बाजार को विदेशी निवेशकों की खरीदारी से भी मजबूती मिली। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने शुक्रवार को भारतीय बाजार में करीब 3,600 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। कच्चे तेल के सस्ता होने से भारत के आयात बिल पर दबाव कम होने की उम्मीद है। इससे महंगाई को लेकर भी कुछ राहत मिल सकती है।

इसके अलावा, वैश्विक बाजारों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का असर भी निवेशकों की रणनीति पर पड़ा है। ऐसे में भारत जैसे बाजारों में निवेश को लेकर रुझान बेहतर होने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि भारतीय बाजार एआई निवेश से जुड़े कारोबार पर अपेक्षाकृत कम निर्भर है।

ये भी पढ़ें  'भारत कोकिंग कोल' का साल 2026 का पहला IPO बना बाजार का स्टार, महज 25 मिनट में हुआ फुल सब्सक्राइब

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link