Gonda News : योगी ने गोंडा को दी 520 करोड़ की सौगात, बोले- यूपी के लिए श्राप है सपा
Yogi Adityanath : 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास, 16 हजार करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट को मिल चुकी है मंजूरी, लाभार्थियों को आवास की चाबी, सहायता राशि दी

गोंडा, 2 नवंबर 2026:
Gonda Development Projects : उत्तर प्रदेश के गोंडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों के लिए 520 करोड़ रुपये से अधिक की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि, आवास की चाबी, चेक और स्वीकृति पत्र बांटे गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी यूपी के लिए श्राप है। उन्होंने कहा कि हमने युवाओं को आगे बढ़ने का रास्ता दिया है और सपा ने उनके साथ खिलवाड़ किया।
देवीपाटन मंडल में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने देवीपाटन मण्डल को मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय की सौगात दी है। अब यहां नकल नहीं होगी, बल्कि बच्चों के जीवन को संवारने और सुधारने का कार्य किया जाएगा। उन्हें शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। जनपद गोंडा में महाराजा देवी बख्श सिंह और बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। बलरामपुर में अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है। बलरामपुर से गोंडा और गोंडा से अयोध्या के मार्ग के चौड़ीकरण के कार्य को केन्द्र सरकार से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
गोंडा में निवेश और विकास परियोजनाओं का रखा आंकड़ा
वर्ष 2023 में आयोजित UP Global Investors Summit के दौरान अकेले जनपद गोंडा के लिए लगभग ₹3,000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। शेष परियोजनाओं को साकार करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। वहीं, विगत 9.5 वर्षों में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में जनपद गोंडा के विकास के लिए ₹16,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है।

राम जन्मभूमि आंदोलन से दीपोत्सव तक की यात्रा
आज के दिन 2 नवंबर, 1990 को श्री अयोध्या धाम में श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान समाजवादी पार्टी की तत्कालीन सरकार ने रामभक्तों पर गोली चलाकर उन्हें लहूलुहान किया था। 7 नवंबर को श्री अयोध्या धाम में दीपोत्सव का 10वां संस्करण आयोजित होगा। दीपोत्सव श्री अयोध्या धाम में होगा, लेकिन इसकी रोशनी विकास के रूप में गोंडा जनपद तक पहुंचेगी। हम अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में 20 फीसदी आरक्षण देने जा रहे हैं। अब यूपी, भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बना है। देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में यूपी है।
सपाई व कसाई घर में शोक मनाएं
समाजवादी पार्टी के लोग युवाओं के जीवन के साथ खिलवाड़ करते थे। हमने युवाओं को आगे बढ़ने का रास्ता दिया। पूरे प्रदेश में 67 हजार मूर्तियां रखी गईं थी। जो अपने घर में रखना चाहता है रखे। मैंने कहा था कि किसी सपाई और कसाई को परेशानी होती है तो उसे बोलो कि अपने घर में शोक मनाओ। हर जगह शांति थी। ऐसे ही कांवड़ यात्रा में भी देखने को मिला। बिना कोई बवाल यात्रा निपट गई। अराजकतत्वों ने कोशिश की लेकिन उन्हें करारा जवाब दिया गया। समाजवादी पार्टी सिर्फ पार्टी नही यूपी के लिए श्राप है।

मंच पर लाभार्थियों को बुलाकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री से सहायता मिलने पर लाभार्थियों ने आभार जताया। किसी को आवास की चाबी सौंपी गई तो किसी को स्वरोजगार के लिए डेमो चेक और स्वीकृति पत्र दिए गए। इस दौरान प्रतीकात्मक चेक, डेमो कार्ड और उपहार भी बांटे गए।
आयुष्मान कार्ड से लेकर इलाज के लिए आर्थिक मदद
आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी राम प्रताप को आयुष्मान कार्ड का डेमो देकर सम्मानित किया गया। राम प्रताप ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों आयुष्मान कार्ड मिलना एक सपने के सच होने जैसा है। इस कार्ड से उन्हें पूरे परिवार की स्वास्थ्य की गारंटी मिली है। अब इलाज की कोई चिंता नहीं रहेगी।

मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के तहत संगीता को 85 हजार रुपये का डेमो चेक दिया गया। उन्होंने इस मदद के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया। कहा कि इस तरह की मदद हमें संबल देती है।
किसी को आवास की चाबी तो किसी को स्वरोजगार के लिए चेक
घनश्याम को आवास की चाबी सौंपी गई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की वजह से उन्हें पक्की छत मिल सकी है। परिवार अब सुरक्षित ढंग से रह सकेगा। आजीविका मिशन के तहत रेनू वर्मा को 12 करोड़ रुपये का डेमो चेक दिया गया। उन्होंने कहा कि इस धनराशि से समूह को आगे ले जाने में बड़ी मदद मिलेगी। मीना को भी आवास की डेमो चाभी मिली। झिनकना देवी को दो लाख रुपये की सहायता का लाभ दिया गया।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने पिछले 9.5 वर्षों में अकेले गोंडा जनपद के लिए ₹16,000 करोड़ से अधिक तथा पूरे देवीपाटन मंडल के लिए लगभग ₹50,000 करोड़ की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की हैं।
माँ बाराही देवी एवं बाबा पृथ्वीनाथ की असीम कृपा से अभिसिंचित पावन भूमि जनपद गोंडा के मनकापुर एवं गौरा विधान सभा क्षेत्रों में आज ₹520 करोड़ से अधिक लागत की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र, आयुष्मान कार्ड, आवास व ट्रैक्टर की चाबी एवं चेक का वितरण भी हुआ।
पावन पर्व दीपावली से पूर्व प्राप्त इन सौगातों हेतु जनपद वासियों को हार्दिक बधाई।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 2, 2026
युवा उद्यमी योजना से लेकर मत्स्य पालन तक के लाभार्थी सम्मानित
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत बीनू पांडेय को एक लाख 19 हजार रुपये का डेमो चेक देकर स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया गया। मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना के तहत निर्मला देवी को 50 हजार रुपये की सहायता का चेक दिया गया। मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थी रामतीर्थ को सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लाभार्थी मुस्ताक अहमद को पांच लाख 60 हजार रुपये का डेमो चेक दिया गया। इसके अलावा लकी सिंह को स्टडी टेबल देकर शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाया गया।
लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं को सराहा
कार्यक्रम में सम्मानित लाभार्थियों ने कहा कि सरकारी योजनाओं से उन्हें आर्थिक मदद मिलने के साथ आत्मनिर्भर बनने का मौका मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।






