प्रवासी उत्तराखंड सम्मेलन : अतिथि देंगे अपने सुझाव, धामी बोले- तैयारियों में न रहे कोई कमी
सीएम ने सम्मेलन का आयोजन भव्य व सुव्यवस्थित ढंग से करने के दिए निर्देश, 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय में होगा आयोजन, राज्य में निवेश, स्वरोजगार व अन्य क्षेत्रों में योगदान देने के लिए किया जाएगा प्रोत्साहित

देहरादून, 8 नवंबर 2026:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित व प्रभावी ढंग से किया जाए। यह आयोजन 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय में होगा। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी देश और दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों से प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। राज्य के विकास में उनके अनुभव, विशेषज्ञता और सुझावों का लाभ लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ ही प्रदेश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ किया जाए सार्थक संवाद
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन में प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ सार्थक संवाद की व्यवस्था की जाए। उनके सुझावों को गंभीरता से लिया जाए और राज्य के विकास में उनके योगदान की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों को राज्य में निवेश, स्वरोजगार, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्रों में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। धामी ने कहा कि सम्मेलन में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत की प्रभावी झलक दिखाई देनी चाहिए।
संबंधित विभाग आपसी समन्वय से करें काम
उन्होंने आयोजन स्थल पर स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा, यातायात व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और प्रत्येक व्यवस्था के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी स्पष्ट की जाए। उन्होंने कहा कि आयोजन में किसी भी स्तर पर अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाए।
‘प्रवासियों की भूमिका’ विषय पर आयोजित होगा विशेष सत्र
तृतीय प्रवासी उत्तराखंड सम्मेलन का आयोजन 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय के डॉ. नित्यानन्द ऑडिटोरियम में किया जाएगा। सम्मेलन में विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रवासी उत्तराखंडियों की भूमिका एवं उपलब्धियों पर चर्चा होगी। ‘विकसित उत्तराखंड में ‘प्रवासियों की भूमिका’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ‘हौसलों की उड़ान उत्तराखंड के युवा संघर्ष से सफलता के शिखर तक’ विषय पर भी संवाद होगा।
प्रदेश के विकास में प्रवासी उत्तराखंडियों को जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल प्रवासी उत्तराखंडियों को एक मंच पर एकत्रित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास के साथ उनका स्थायी और भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करना भी है। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु एवं आर. मीनाक्षी सुंदरम, उत्तराखंड प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष पूरन चन्द्र नैलवाल एवं ओम प्रकाश भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल व अन्य लोग मौजूद रहे।





