Uttar Pradesh

संभल : 1978 से बंद मंदिर खुला, मिलीं भगवान शिव और हनुमान जी की मूर्तियां

संभल, 14 दिसंबर 2024:

यूपी के संभल में मुस्लिम आबादी के बीच 1978 से बंद पड़े एक पुराने मंदिर को शनिवार को पुलिस प्रशासन ने खोला। मंदिर में भगवान शिव और हनुमान जी की मूर्तियां मिली हैं। इसके बाद मंदिर की सफाई की गई।

इस अभियान के दौरान हुई जानकारी, खग्गू सराय में है मंदिर

संभल के शाही जामा मस्जिद क्षेत्र में शनिवार सुबह बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान प्रशासन को मोहल्ला खग्गू सराय में बंद पड़े मंदिर के बारे में जानकारी हुई। छानबीन में पता चला कि 46 साल से मंदिर बंद पड़ा है। बताते हैं कि मंदिर एक हिंदू परिवार का था। 1978 के दंगे के दौरान परिवार के लोग पलायन कर गए। इस मंदिर में एक पुजारी रहते थे लेकिन उन्होंने मंदिर और मोहल्ला छोड़ दिया था। मंदिर के पास बना कुआं दूसरे समुदाय ने पाट कर बंद कर दिया था।

अधिकारियों की निगरानी में कराई गई सफाई

बंद मंदिर को खोलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की निगरानी में उसकी सफाई कराई गई। कुएं की खोदाई कराई जा रही है। इसके साथ ही प्रशासन मंदिर वाले मकान के मालिकाना हक की जांच भी करा रहा है। मंदिर की प्राचीनता का पता लगाने के लिए पुरातत्व विभाग को कहा गया है। एएसपी श्रीश चंद्र के मुताबिक कुछ लोगों द्वारा मंदिर पर कब्जा कर घर बना लिए जाने की बात सामने आई है। मंदिर में भगवान शिव और हनुमान जी की मूर्तियां मौजूद हैं। मंदिर को साफ कराया जा रहा है। अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई होगी।

ये भी पढ़ें  संभल में इंटरनेट सेवा बहाली की तारीख तय नहीं, 27 उपद्रवी अरेस्ट; ताजा स्थिति जानें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button