मध्यप्रदेश : गर्लफ्रेंड के लिए चोर बना पूर्व विधायक का बेटा, महिला के गले से चेन छीनने के आरोप में गिरफ्तार

अहमदाबाद, 1 फरवरी 2025
अहमदाबाद पुलिस ने मध्य प्रदेश के एक पूर्व विधायक के बेटे प्रद्युम्न सिंह को 65 वर्षीय महिला से सोने की चेन छीनने के आरोप में गिरफ्तार किया है। वसंतीबेन द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, घटना 25 जनवरी को हुई जब वह मंदिर से लौट रही थीं, तभी एक बदमाश ने उनका 1.25 लाख रुपये से अधिक कीमत का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और भाग गया। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।
250 से अधिक सीसीटीवी क्लिप की जांच के बाद पुलिस ने 25 वर्षीय प्रद्युम्न की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के मालाहेड़ा गांव के रहने वाले प्रद्युम्न मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक विजेंद्र सिंह चंद्रावत के बेटे हैं।
पुलिस ने खुलासा किया कि प्रद्युम्न कोई आदतन अपराधी नहीं था, बल्कि अपनी गर्लफ्रेंड के साथ अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए चेन स्नैचिंग करता था। वह अपने माता-पिता का घर छोड़कर अहमदाबाद चला गया, जहाँ वह 15,000 रुपये प्रति माह की नौकरी करता है। अपने खर्चों को पूरा करने के लिए उसने कथित तौर पर चोरी की योजना बनाई। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार एक अधिकारी ने बताया, “चंद्रावत को लगा कि उसकी आय उसकी प्रेमिका की इच्छाओं को पूरा करने के लिए अपर्याप्त है, इसलिए उसने आसानी से पैसा कमाने के लिए चेन स्नैचिंग का काम शुरू कर दिया। यह उसका पहला अपराध था।” पुलिस ने चोरी हुआ मंगलसूत्र बरामद कर लिया है और प्रद्युम्न के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है






