आगरा: नगर आयुक्त के आवास के सामने धरने पर बैठे बसपा के पार्षद

मयंक चावला
आगरा, 3 फरवरी 2025:
यूपी के आगरा जिले में सोमवार को अपनी मांगों को लेकर बसपा के सभी पार्षद नगर निगम आयुक्त के आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। पार्षदों ने निगम के अफसरों पर कई आरोप लगाए और जमकर नारेबाजी की।
कहा- फोन नहीं उठाते अफसर, विकास कार्य भी लटके
बसपा के सभी पार्षद सोमवार की सुबह नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के आवास के बाहर जमा हुए। यहां जमकर नारेबाजी की गई। बसपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर आयुक्त से लेकर निगम के अन्य अधिकारियों द्वारा कोई भी सुनवाई पार्षदों की नहीं की जा रही है। अफसर पार्षदों के फोन तक नहीं उठाते हैं और ना ही समय पर ऑफिस में बैठते हैं।
कहा कि क्षेत्र में विकास के नाम पर लंबे समय से टहलाया जा रहा है। क्षेत्र में सड़कों नालियों पार्कों आदि के काम अधूरे पड़े हुए हैं। कई बार लिखित में भी शिकायत करने के बावजूद कामों को लेकर कोई सुनवाई नहीं हो रही।






