कांवड़ियों पर बयान से स्वामी प्रसाद मौर्य घिरे… गंगा जल लेकर घर पहुंचे हिंदूवादी संगठन, सुरक्षा बढ़ी

लखनऊ , 24 जुलाई 2025:
यूपी में कांवड यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं पर विवादित बयान देने के बाद अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या के प्रति हिंदूवादी संगठन नाराज हैं। गुरुवार को विश्व हिंदू रक्षा परिषद के पदाधिकारी गंगा जल से उनका घर धोने पहुंचे। यहां पहले से अलर्ट पुलिस ने किसी तरह हालात संभाले और प्रदर्शनकरियों को वापस ईको गार्डन भेज दिया।

बता दें कि दो दिन पूर्व स्वामी प्रसाद मौर्या ने कहा था कि भगवान भोलेनाथ इतने भोले हैं कि उन्हें भोलेबाबा कहा जाता है। उनके भक्त हिंसक नहीं हो सकते। ये कांवड़िये उनके नाम पर तोड़फोड़ और उपद्रव कर रहे हैं। ये कांवड़िये नहीं बल्कि सत्ता संरक्षित गुंडे हैं। वाहनों में तोड़फोड़ की जा रही है लोगों से अभद्रता की जा रही है। कांवड़ यात्रियों के वेश में ऐसे लोगों पर सरकार को इनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उनके इसी बयान पर बवाल मचा हुआ है। कई हिंदू संगठनों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई।
विरोध बढ़ता देख पुलिस भी अलर्ट हो गई और प्रदर्शन हंगामे की आशंका को लेकर राजधानी लखनऊ स्थित उनके आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई। गुरुवार को विश्व हिंदू रक्षा परिषद के नेता व तमाम कार्यकर्ता उनके घर के सामने पहुंच गए। ये उनके घर को गंगा जल से धोने से की बात कहकर आगे बढ़ रहे थे। उनका कहना था कि स्वामी प्रसाद मौर्य हिंदू होकर भी हिंदू धर्म और परंपराओं का अपमान कर रहे हैं। ऐसे व्यक्ति के आवास का गंगाजल से शुद्धिकरण जरूरी है। नारेबाजी कर रहे संगठन के नेताओं को पुलिस ने बाहर ही रोक लिया और साथ लाये वाहनों में भरकर ईको गार्डन भेज दिया। हालांकि पुलिस अभी भी घर पर तैनात है।






