
नई दिल्ली, 11 अगस्त 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राजधानी के बाबा खड़क सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए निर्मित 184 टाइप-VII बहुमंजिला फ्लैटों का उद्घाटन किया। इस परियोजना का उद्देश्य सांसदों के लिए आवास की कमी को खत्म करना और उन्हें आधुनिक, पर्यावरण के अनुकूल वर्टिकल आवास उपलब्ध कराना है। उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी ने परिसर में सिंदूर का पौधा लगाया, श्रमिकों से मुलाकात की और जनता को संबोधित किया।
नए टाइप-VII आवासीय परिसर को आत्मनिर्भर सुविधा के रूप में तैयार किया गया है, जो सांसदों की आवासीय और आधिकारिक जरूरतों को एक साथ पूरा करेगा। इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। राजधानी में सीमित जमीन उपलब्धता को देखते हुए वर्टिकल हाउसिंग का मॉडल अपनाया गया है, जिससे जमीन का अधिकतम उपयोग और दीर्घकालिक रखरखाव लागत में कमी सुनिश्चित की जा सके।
सरकारी जानकारी के अनुसार, प्रत्येक फ्लैट में लगभग 5,000 वर्ग फुट का कार्पेट एरिया है, जिसमें सांसद के लिए कार्यालय, कर्मचारियों का आवास और आवासीय क्षेत्र शामिल हैं। यह फ्लैट आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ऊर्जा दक्षता और सतत विकास के मानकों को पूरा करते हैं।
पीएम मोदी ने इस अवसर पर कहा कि यह परियोजना न केवल सांसदों के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक आवास समाधान है, बल्कि शहरी विकास में नए मानक स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। उन्होंने श्रमिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इनका योगदान इस परियोजना की सफलता में सबसे अहम है।
इस पहल से सांसदों को राजधानी में आवास के लिए निजी इंतजाम की परेशानी से छुटकारा मिलेगा और उन्हें अपने संसदीय कार्यों पर अधिक ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिलेगा।






