Lucknow City

लखनऊ में ‘गुर्जर गैंग’ का तांडव… मेले में पुलिस से भिड़ंत, मंच पर अश्लील नृत्य कराने की जिद, 5 गिरफ्तार

एम.एम. खान

लखनऊ, 14 अक्टूबर 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के बिंदौवा गांव में आयोजित मेले में गुर्जर गैंग के दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। शराब के नशे में धुत होकर गैंग के सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर अश्लील नृत्य कराने की मांग रख दी। वहीं मेला कमेटी और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने के साथ ही वाहनों में तोड़फोड़ और पथराव भी किया। पुलिस ने गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही।

बताया गया कि सोमवार देर रात बिंदौवा मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान दर्जनभर गुर्जर गैंग के सदस्य नशे में धुत होकर मंच पर चढ़ गए और जबरन अश्लील नृत्य कराने की मांग करने लगे। जब मेला कमेटी और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने धक्का-मुक्की की। पथराव कर गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। इस दौरान आरोपी देशदीपक ने अपनी बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो को खड़ी कर रोड ब्लॉक कर दिया, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोगों में दहशत फैल गई।

ये भी पढ़ें:

मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने किसी तरह हालात संभाले। आनन फानन पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें ललित रावत, सदाशिव निवासी बिंदौवा, मिथुन रावत निवासी आनंदपुर मजरा हुलासखेड़ा, देश दीपक निवासी उदवतखेड़ा व विक्रांत कुमार निवासी नेवलखेड़ा मजरा डेहवा शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी कुख्यात “गुर्जर गैंग” के सक्रिय सदस्य हैं। यह गैंग क्षेत्र में लंबे समय से दबंगई और अपराध में लिप्त रहा है। आरोपियों पर पहले भी कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उपद्रव मचाने में इनके साथ 8 से 10 अन्य अज्ञात युवक भी शामिल थे, जो मंच पर कलाकारों से अश्लील नृत्य कराने का दबाव बना रहे थे। फरार आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने बिना नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

Advertisement

ये भी पढ़ें  नए साल में नई सख्ती : UP के सरकारी स्कूलों में नहीं चलेगी लेटलतीफी, शिक्षकों की लगेगी ऑनलाइन हाजिरी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link