लखनऊ, 6 दिसंबर 2025:
यूपी की राजधानी के तमाम उपभोक्ताओं को आज एक बार फिर बिजली कटौती की मुश्किलों से दो-चार होना पड़ेगा। शहर के विभिन्न उपकेंद्रों पर चल रही मरम्मत और उपकरणों के अपग्रेडेशन के चलते कई क्षेत्रों में तय समय के लिए आपूर्ति बंद रहेगी। बिजली विभाग का कहना है कि ये कार्य आने वाले महीनों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।
सबसे अधिक प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में पुरनिया अलीगंज उपकेंद्र और उससे जुड़े सेक्टर-क्यू, सेक्टर-के और उस्मानपुर शामिल हैं। यहां सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली गुल रहेगी। विभाग के अनुसार इन इलाकों में केबल और ट्रांसफार्मर से जुड़े कई महत्वपूर्ण परीक्षण किए जाएंगे।
इसके अलावा ऐशबाग उपकेंद्र के विक्टोरिया फीडर से जुड़े दादा मियां की मजार और आसपास के इलाकों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी। यहां पुराने फीडर उपकरणों के निरीक्षण और लाइन-सुधार का कार्य किया जाना है जिसे विभाग महत्वपूर्ण वार्षिक रखरखाव बता रहा है।
गोमतीनगर इलाके में भी स्थिति आसान नहीं होगी। ग्वारी कल्वर्ट उपकेंद्र के अधीन विकासखंड एक से पांच, ग्वारी गांव और विशाल खंड के कुछ हिस्सों में आज सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिकारी मानते हैं कि गोमतीनगर के तेजी से बढ़ते लोड को देखते हुए उपकेंद्रों का आधुनिकीकरण बेहद आवश्यक हो गया है।
गोमतीनगर के मंत्री आवास क्षेत्र में कल से तीन दिन तक बिजली संकट
गोमतीनगर मंत्री आवास उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में रविवार से तीन दिनों तक बिजली संकट बना रहेगा। मुख्य अभियंता ने बताया कि सात से नौ दिसंबर तक उपकेंद्र के पुराने पैनल को पूरी तरह बदलने का बड़ा कार्य निर्धारित है। यह प्रक्रिया रोज सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। इसके कारण नियामक आयोग, वास्तु खंड, प्रदूषण नियंत्रण भवन, विक्रांत खंड, विकल्प खंड, मंत्री आवास, विजयंत खंड, वैभव खंड और एसएलडीसी सहित आसपास के कई इलाकों में अलग-अलग समय पर बिजली काटी जाएगी।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आवश्यक कार्य पहले से निपटा लें और बिजली कटौती के दौरान वैकल्पिक उपाय तैयार रखें। हालांकि विभाग का दावा है कि इन सुधार कार्यों के बाद शहर की बिजली आपूर्ति काफी बेहतर होगी।






