
लखनऊ, 4 सितंबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना आशियाना खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए त्योहारों के बीच अच्छी खबर है। जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी के अवसर पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अपने चुनिंदा अपार्टमेंट्स में फ्लैट खरीदने वालों के लिए विशेष फेस्टिव ऑफर की घोषणा की है। इसके तहत अलग-अलग कीमत के फ्लैट पर 1 लाख से लेकर 2 लाख रुपये तक की सीधी छूट मिलेगी। हालांकि इस ऑफर का लाभ उठाने के लिए खरीदारों को ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा क्योंकि यह सुविधा महज 11 दिनों के लिए लागू रहेगी।

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए। उन्होंने बताया कि त्योहारों के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में लोग नया घर खरीदने की योजना बनाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण की ‘पहले आओ-पहले पाओ’ योजना में उपलब्ध चुनिंदा फ्लैट्स पर यह विशेष छूट दी जा रही है।
आज से 14 सितंबर तक मिलेगा ऑफर
फेस्टिव ऑफर आज (4 सितंबर) से 14 सितंबर तक लागू रहेगा। इस दौरान एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से प्रस्तावित अपार्टमेंट्स में फ्लैट बुक कराने वाले पात्र लोगों को निर्धारित छूट का लाभ मिलेगा। यानी घर खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के पास ऑफर का फायदा उठाने के लिए सीमित समय ही होगा।
इन चार अपार्टमेंट्स में मिलेगा डिस्काउंट
विशेष ऑफर के तहत एलडीए के चार अपार्टमेंट्स को शामिल किया गया है। इनमें श्रवण अपार्टमेंट, सनराइज अपार्टमेंट (मृगशिरा), स्मृति अपार्टमेंट और पूर्वा अपार्टमेंट शामिल हैं। इन परियोजनाओं में 1 BHK, 2 BHK और 3 BHK फ्लैट उपलब्ध हैं।

फ्लैट की कीमत जितनी ज्यादा, छूट भी उतनी बड़ी
एलडीए ने फ्लैट की कीमत के आधार पर छूट की अलग-अलग श्रेणी तय की है।
-20 से 50 लाख रुपये तक के फ्लैट पर 1 लाख रुपये की छूट।
-50 से 75 लाख रुपये तक के फ्लैट पर 1.5 लाख रुपये की छूट।
-75 लाख रुपये से अधिक कीमत वाले फ्लैट पर 2 लाख रुपये की छूट।

एलडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि प्राधिकरण आवासीय योजनाओं में उपलब्ध फ्लैट्स को आम नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। फेस्टिव ऑफर भी इसी प्रयास का हिस्सा है जिससे लोग त्योहार के मौके पर विशेष आर्थिक लाभ के साथ एलडीए का अपना घर चुन सकें।






