National

अयोध्या एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों का हंगामा… पुलिस पर भेदभाव व उत्पीड़न का आरोप

बार-बार चालान और संचालन में रोक से नाराज़ चालकों ने किया प्रदर्शन, प्रशासन ने दिया आश्वासन

अयोध्या, 17 जनवरी 2026:

महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टैक्सी चालकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। चालकों ने पुलिस पर बेवजह सख्ती करने और चुनिंदा लोगों को ही संचालन की अनुमति देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि स्थानीय चालकों के साथ नाइंसाफी हो रही है।

प्रदर्शन कर रहे चालकों का कहना है कि यात्रियों को लेने और छोड़ने के दौरान पुलिस बार-बार चालान काट रही है। एयरपोर्ट परिसर में टैक्सी स्टैंड, पार्किंग और प्रवेश को लेकर नियम साफ़ नहीं हैं, फिर भी स्थानीय चालकों पर कार्रवाई की जा रही है। वहीं बाहरी वाहनों को छूट दी जा रही है। चालकों ने बताया कि इस सख्ती से उनका रोज़गार प्रभावित हो रहा है। कई बार उन्हें घंटों एयरपोर्ट के बाहर इंतज़ार करना पड़ता है, लेकिन फिर भी यात्रियों को लेने की इजाज़त नहीं मिलती। इसी नाराज़गी के चलते उन्होंने एयरपोर्ट गेट के पास प्रदर्शन किया।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने चालकों से बातचीत की और भरोसा दिलाया कि टैक्सी संचालन से जुड़े नियमों को साफ़ किया जाएगा। साथ ही उनकी जायज़ परेशानियों का हल निकाला जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद चालकों ने प्रदर्शन खत्म कर दिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे। फिलहाल एयरपोर्ट पर टैक्सी संचालन धीरे-धीरे सामान्य हो गया।

इस मामले में एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ टैक्सी चालक आए दिन यात्रियों से बदसलूकी करते हैं और नियमों का उल्लंघन करते हैं। ऐसी शिकायतें लगातार मिल रही हैं। सुरक्षा कारणों से वाहनों का एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश वर्जित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button