Lucknow City

लखनऊ के प्रभारी मंत्री फिर पहुंचे डायमंड डेरी कॉलोनी… अतिक्रमण को लेकर अफसरों को दी ये हिदायत

अतिक्रमण हटने के बाद कॉलोनी में बनेगा ओपन जिम, 20 दिन में फिर निरीक्षण करेंगे सुरेश खन्ना, लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

लखनऊ, 17 जनवरी 2026:

लखनऊ के प्रभारी एवं प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को दोबारा हुसैनगंज क्षेत्र स्थित डायमंड डेरी कॉलोनी का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण शुक्रवार को किए गए दौरे के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति को परखने के उद्देश्य से किया गया था। शुक्रवार के निरीक्षण में मंत्री को इलाके में भारी गंदगी और अवैध अतिक्रमण देखने को मिला था।

इस पर उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल सफाई और अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश दिए थे। शनिवार को जब मंत्री दोबारा मौके पर पहुंचे तो उन्होंने पाया कि नगर निगम द्वारा सफाई अभियान चलाया जा रहा है। काफी हद तक गंदगी साफ कर दी गई है। साथ ही कॉलोनी में किए गए अवैध कब्जों को भी हटा दिया गया है।

मौके पर मंत्री सुरेश खन्ना ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि खाली कराई गई भूमि पर आम नागरिकों की सुविधा के लिए ओपन जिम का निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही क्षेत्र की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने के लिए जाली लगाकर बैरिकेडिंग कराने के भी निर्देश दिए गए।
मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि 20 दिनों के भीतर वे स्वयं फिर से निरीक्षण करेंगे और यदि स्वच्छता या रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने कहा कि स्वच्छता को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर बेहतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, क्षेत्रीय पार्षद सुनील मिश्रा, नगर निगम के अन्य अधिकारी तथा स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  विश्व मानक दिवस 2025: लखनऊ में बीआईएस ने निकाली 'वॉकथॉन'...गुणवत्ता के प्रति जगाई अलख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button