Lucknow CityNational

फ्लाइट के टॉयलेट में ‘बम’ की पर्ची : 238 यात्रियों की सांसें थमीं, फिर लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग

दिल्ली से बागडोगरा जा रहे एक यात्री विमान में बम होने की सूचना से सुबह हड़कंप मच गया, बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियां ने सर्च ऑपरेशन चलाया

लखनऊ, 18 जनवरी 2026:

दिल्ली से बागडोगरा (पश्चिम बंगाल) जा रहे एक यात्री विमान में बम होने की सूचना से सुबह हड़कंप मच गया। सुरक्षा को देखते हुए विमान की लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (अमौसी) अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक विमान को सुबह करीब साढ़े नौ बजे सुरक्षित उतारा गया।

लैंडिंग के तुरंत बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को विमान से नीचे उतार लिया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विमान को अपने घेरे में ले लिया। बम निरोधक दस्ता, सीआईएसएफ, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार विमान के बाथरूम के अंदर एक नैपकिन पर धमकी भरा संदेश लिखा मिला था। उसमें प्लेन में बम होने की बात कही गई थी। एक यात्री की नजर जब इस नैपकिन पर पड़ी तो उसने तुरंत इसकी सूचना क्रू मेंबर को दी। सूचना मिलते ही पायलट ने बिना देरी किए विमान को लखनऊ डायवर्ट करने का फैसला लिया।

WhatsApp Image 2026-01-18 at 12.52.20 PM

विमान में पायलट और क्रू मेंबर सहित कुल 238 लोग सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी स्कैनिंग की गई। एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है। फिलहाल बम निरोधक दस्ते द्वारा विमान के अंदर और कार्गो एरिया में गहन तलाशी अभियान चलाया गया। इसके बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब उड़ानों को बम की धमकी मिली हो। इससे पहले 19 अक्टूबर 2024 को लखनऊ से अजमेर के किशनगढ़ जा रही स्टार एयर की फ्लाइट और 30 अक्टूबर 2024 को इंडिगो की दिल्ली-लखनऊ तथा अबू धाबी-लखनऊ की उड़ान को भी बम की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, उन सभी मामलों में जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button