नई दिल्ली/लखनऊ, 20 जनवरी 2026:
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। नई दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान योगी ने नितिन नबीन को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
श्री @NitinNabin जी को @BJP4India का माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई।
पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के यशस्वी मार्गदर्शन में आप अंत्योदय के पथ पर चलते हुए अपनी निष्ठा व समर्पण से संगठन को नई ऊंचाइयां प्रदान करेंगे एवं सभी कर्मठ…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 20, 2026
इस अवसर पर सीएम योगी ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष के संगठनात्मक अनुभव, कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी को नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा मिलेगी। इससे संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती प्राप्त होगी। योगी ने यह भी आशा जताई कि भविष्य में उत्तर प्रदेश को उनका निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहेगा। इससे राज्य में संगठन और सरकार के कार्यों को और बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर भी साझा की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में नितिन नबीन अंत्योदय के पथ पर चलते हुए अपनी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता से पार्टी संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं के बीच और अधिक सुदृढ़ होगी।
.@BJP4India के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने पर श्री @NitinNabin जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। pic.twitter.com/QqCorBD9SP
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 20, 2026
सीएम योगी ने नितिन नबीन के उज्ज्वल और सफल कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें अनंत शुभकामनाएं दीं। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को संगठनात्मक समन्वय और आगामी रणनीतियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






