हरदोई, 23 जनवरी 2026:
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्य गेट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बुजुर्ग महिला ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर जान देने की कोशिश की। घटना के समय लखनऊ जोन के आईजी किरण एस. पुलिस लाइन में निरीक्षण कर रहे थे। फिलहाल मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। एसपी ने कहा मामला समाधान दिवस में आया था। महिला को उकसाने वालों पर कार्रवाई होगी।
बताया जा रहा है कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। कोतवाली देहात क्षेत्र के फूल बेहटा गांव की रहने वाली मीरा शर्मा ने आरोप लगाया कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर गांव के ही एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर लिया है। महिला का कहना है कि वह करीब 50 साल से इस जमीन पर काबिज हैं, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर वह गुरुवार को एसपी कार्यालय पहुंचीं और यह कदम उठा लिया।
मुख्य गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने महिला को तुरंत रोक कर हालात पर काबू पा लिया। इसके बाद महिला को सुरक्षित तरीके से अंदर ले जाया गया और पूछताछ की गई। एसपी अशोक मीणा ने बताया कि प्रकरण पारिवारिक भूमि विवाद और ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि महिला के मामले को पहले भी संज्ञान में लिया जा चुका है।
एसपी ने कहा समाधान दिवस पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया था। महिला को आत्मदाह के लिए उकसाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






