हाथ में रिश्वत के दो लाख… सामने विजिलेंस की टीम, रंगे हाथ पकड़े गए ‘ईओ साहब’
नगर पालिका के ईओ ने इलेक्ट्रिक फर्म के बिल पास करने के एवज में मांगी थी घूस, गोपनीय जांच में आरोप सही मिलने पर बिछाया गया जाल, पकड़े जाते ही सकपका गए ईओ, तमाशा देखता रहा पूरा ऑफिस
हरदोई, 16 जून 2026:
हरदोई में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने शाहाबाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई लखनऊ सेक्टर की ट्रैप टीम ने की।
सदर बाजार खंजाची टोला निवासी स्वदेश कुमार गुप्ता ने सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी फर्म लक्ष्मी इलेक्ट्रिकल्स शाहाबाद नगर पालिका परिषद में विद्युत आपूर्ति और स्थापना से जुड़े काम करती है। फर्म के कई बिल काफी समय से लंबित थे।
शिकायत के मुताबिक अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर ने बकाया बिलों के भुगतान के बदले 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। तुर्रा ये दिया कि रकम दिए बिना भुगतान जारी नहीं किया जाएगा।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर टीम ने ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई।
इसके तहत शिकायतकर्ता के माध्यम से रिश्वत की रकम आरोपी अधिकारी तक पहुंचाई गई। जैसे ही कृष्ण कुमार सोनकर ने 2 लाख रुपये स्वीकार किए, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।






