Hardoi City

आंख का ऑपरेशन बताकर वृद्धा से रजिस्ट्री आफिस में कराए साइन, बेटी-दामाद ने हड़पी जमीन, खाते से निकाले लाखों

आंखों के ऑपरेशन के बहाने 71 साल की महिला के साथ अपनों ने की जालसाजी, गांव से बेटी ने ससुराल बुलाकर बंधक बनाया, गांव के तीन लोग भी शामिल रहे, धोखे से बैनामा कराने का आरोप, बैंक खाते से लाखों रुपये निकालने का भी दावा, राजफाश होने के बाद वृद्धा ने दर्ज कराई एफआईआर

हरदोई, 8 अगस्त 2026:

हरदोई में एक बुजुर्ग महिला की कमजोर नजर का फायदा उठाकर बेटी व दामाद ने ही धोखाधड़ी कर दी। 71 वर्षीय महिला ने अपनी बेटी, दामाद समेत पांच लोगों पर साजिश रचकर जमीन का बैनामा कराने, बैंक खाते से लाखों रुपये निकालने और जेवर अपने पास रखने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आंख के ऑपरेशन के बहाने बेटी ने मां को गांव से शहर बुलाया

हरियावां थाना क्षेत्र के भदेउरा गांव की रहने वाली स्नेहलता ने आरोप लगाया कि ज्यादा उम्र होने की वजह से उन्हें आंख का ऑपरेशन कराना था। इस पर उनकी बेटी रंजना उन्हें हरदोई शहर में अपने घर ले गई। महिला का कहना है कि वह ऑपरेशन के लिए बैंक से 52 हजार रुपये निकालकर भी साथ लाई थीं, लेकिन उनका इलाज नहीं कराया गया। इसके बजाय उन्हें घर में ही रोककर रखा गया।

ये भी पढ़ें:

बेटी व दामाद के साथ साजिश में शामिल रहे गांव के तीन लोग

महिला का आरोप है कि बेटी रंजना व दामाद अशोक व उसके गांव के तीन अन्य लोग अवध बिहारी, करन त्रिवेदी व विजय प्रकाश दीक्षित ने मिलकर उनकी कृषि भूमि का आधा हिस्सा 12 लाख रुपये में बेच दिया। उन्हें रजिस्ट्री कार्यालय ले जाकर बताया गया कि आंख के ऑपरेशन से जुड़े कागजात पर हस्ताक्षर कराने हैं, जबकि उसी दौरान जमीन का बैनामा करा दिया गया।

बैंक खाते से भी निकाले लाखों रुपये

शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने उनके नाम बैंक खाता खुलवाया, एटीएम कार्ड और चेकबुक भी अपने कब्जे में रख ली। इसके बाद खाते से करीब 6.70 लाख रुपये निकाल लिए। महिला का कहना है कि आंखों से कम दिखाई देने का फायदा उठाकर उनसे कई कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए।

जेवर और बैंक के दस्तावेज भी रख लिए

महिला ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के नाम पर उनकी सोने की अंगूठी, चेन, टॉप्स, बैंक पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड भी बेटी-दामाद के पास ही रह गए। मामले की जानकारी मिलने पर उन्होंने बैंक खाते पर लेनदेन रुकवाया। महिला का कहना है कि पहले पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद अदालत का दरवाजा खटखटाया गया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने बेटी, दामाद समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मुकदमे की भनक पाकर आरोपी फरार हैं।

ये भी पढ़ें  खेत में युवक का कत्ल, सिर साथ ले गए हत्यारे, महिला के पैरों के निशान से उलझी पहेली

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button