एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 23 जनवरी 2026:
नगराम थाना क्षेत्र के गुलालखेड़ा गांव के पास इंदिरा नहर किनारे एक मजदूर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक का शव नहर की पटरी किनारे झाड़ियों और पतवार के बीच खून से सना मिला। सिर और चेहरे पर ईंट से वार कर उसे कुचला गया था। मौके से खून से सनी ईंट भी बरामद हुई है।
मृतक की पहचान गुलालखेड़ा निवासी मजदूर ओम प्रकाश (22) के रूप में हुई है। बताया गया कि ओम प्रकाश गुरुवार शाम करीब 8 बजे घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने इंदिरा नहर के दूसरी तरफ पटरी किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही नगराम पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही एसीपी मोहनलालगंज विकास पाण्डेय भी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल के पास शराब की बोतल और कुछ पाउच भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि ओम प्रकाश को किसी करीबी ने बुलाकर शराब पिलाई और किसी बात पर झगड़ा होने के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
एसओ नगराम विवेक चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक गांव के कुछ लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान विवाद हुआ और बात बढ़ने पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
ग्रामीणों के मुताबिक ओम प्रकाश घटना से पहले गांव में एक अंडा रोल की दुकान पर कुछ लोगों के साथ खा-पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि कहीं वहीं से शुरू हुआ विवाद हत्या की वजह तो नहीं बना।
ओम प्रकाश के घर में मां गीता देवी, दो भाई फूलचंद्र (17) और धर्मराज (15) तथा बहन कोमल (20) हैं। बहन की शादी तय है और 6 फरवरी को बारात आने वाली है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस वारदात के बाद खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ओम प्रकाश के पिता की करीब डेढ़ साल पहले मौत हो चुकी है। परिजनों ने भी ओम प्रकाश के दोस्तों पर शक जताया है।






