Lucknow City

यूपी दिवस-2026: जमीन से आसमान तक झंडा फहराने वाली 5 हस्तियों को मिलेगा गौरव सम्मान

अंतरिक्षयात्री शुभांशु शुक्ला भी होंगे सम्मानित, इनके अलावा शिक्षा, साहित्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण क्षेत्र में शानदार काम करने वालों के नाम भी अवार्ड पाने वालों शामिल

लखनऊ, 24 जनवरी 2026:

लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आज शुरू होने जा रहे उत्तर प्रदेश दिवस-2026 समारोह के मंच पर
प्रदेश सरकार उन पांच लोगों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26 देगी, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतरीन काम करके प्रदेश का नाम रोशन किया है। सम्मान पाने वालों में अंतरिक्ष विज्ञान, शिक्षा, साहित्य, महिला सशक्तिकरण और कृषि के क्षेत्र से जुड़ी हस्तियां शामिल हैं।

बता दें कि उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने कला, शिक्षा, साहित्य, विज्ञान, कृषि, समाज सेवा और दूसरे क्षेत्रों में शानदार काम करके प्रदेश का मान बढ़ाया है। यूपी दिवस-2026 के मौके पर इन पांचों हस्तियों को सम्मान देकर सरकार नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का संदेश भी देगी।

अंतरिक्ष विज्ञान में बड़ी उपलब्धि पर सम्मानित होंगे शुभांशु शुक्ला

लखनऊ के अंतरिक्षयात्री और भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में खास योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। शुभांशु शुक्ला ने 26 जून 2025 को नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान के जरिए उड़ान भरी और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचकर एक नई उपलब्धि दर्ज की।

शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों पर अलख पांडेय का होगा सम्मान

प्रयागराज के अलख पांडेय को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने के लिए सम्मान मिलेगा। उन्होंने 2016 में ‘फिजिक्स वाला’ यूट्यूब चैनल शुरू किया था, जो बाद में लाखों छात्रों के लिए पढ़ाई का मजबूत सहारा बना। 2020 में लॉन्च हुए ऐप के जरिए भी छात्रों को कम खर्च में अच्छी शिक्षा मिलने लगी। प्रेस नोट के अनुसार 2022 में उनकी कंपनी एडटेक यूनिकॉर्न बनी और प्लेटफॉर्म से करोड़ों छात्रों को फायदा हुआ।

साहित्य और शिक्षा में पहचान: डॉ. हरिओम पंवार होंगे सम्मानित

साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. हरिओम पंवार को भी उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान मिलेगा। वे मेरठ कॉलेज में विधि के प्रोफेसर रहे हैं।
उनकी कविताओं और रचनाओं को समाज से जुड़ी आवाज माना जाता है। उन्हें कई साहित्यिक सम्मान मिल चुके हैं और उनकी लेखनी से होने वाली आय का इस्तेमाल जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई और मदद में किया जाता है।

महिला सशक्तिकरण में काम: रश्मि आर्य को मिलेगा सम्मान

महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में काम करने वाली रश्मि आर्य को भी यूपी गौरव सम्मान से नवाजा जाएगा। उन्होंने 2007 में मेरठ के नारंगपुर में दयानंद आर्य कन्या गुरुकुल की स्थापना की थी। यहां छात्राओं को वैदिक शिक्षा के साथ आधुनिक पढ़ाई भी दी जाती है। बताया गया है कि गुरुकुल की छात्राएं कई प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर चुकी हैं।

कृषि विज्ञान में नाम: डॉ. सुधांशु सिंह होंगे सम्मानित

कृषि क्षेत्र में खास योगदान के लिए वाराणसी के डॉ. सुधांशु सिंह को सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कृषि की पढ़ाई में स्वर्ण पदक हासिल किया और फिलीपींस के आईआरआरआई से पीएचडी की। फ्लड-टॉलरेंट सब-1 चावल पर उनके शोध को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। वे फिलहाल वाराणसी में आईएसएआरसी के निदेशक हैं और कई अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं से भी जुड़े रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button