देहरादून, 25 जनवरी 2026:
दून लाइब्रेरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 130वां एपिसोड सुना गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ‘मन की बात’ का हर एपिसोड लोगों को प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समाज में कई लोग ऐसे होते हैं जो सामान्य परिस्थितियों में लगातार सेवा करते रहते हैं, लेकिन उनकी पहचान सामने नहीं आ पाती। ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए देश-दुनिया तक ऐसे लोगों की बातें पहुंचती हैं और बाकी लोग भी उनसे सीख लेते हैं।
नवाचार और तकनीक में आगे बढ़ रहा भारत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में लगातार नए प्रयोग और नवाचार हो रहे हैं। इनोवेशन, साइंस, टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने एआई के बढ़ते प्रभाव पर कहा कि आने वाले समय में हर काम में एआई की अहम भूमिका होगी। जो काम कई दिनों में पूरे होते हैं, वह कुछ घंटों में हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में भी एआई के इस्तेमाल को लेकर साइंस, आईटी और टेक्नोलॉजी से जुड़े विभाग काम कर रहे हैं।
यूसीसी को एक साल पूरा होने की बात कही
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 27 जनवरी को उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू होने के एक साल पूरे हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की जनता से यूसीसी लागू करने का वादा किया गया था, जिसे पूरा किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सीमावर्ती राज्य है और सुरक्षा के लिहाज से भी संवेदनशील माना जाता है। यहां चार धाम हैं और गंगा-यमुना का उद्गम भी इसी राज्य में है। ऐसे में राज्य में रहने वाले सभी लोगों के लिए एक समान कानून जरूरी था, जिसे लागू किया गया।
योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य स्तर पर लिए गए फैसलों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में सभी सहयोग करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग योजनाओं का फायदा उठा सकें। कार्यक्रम में विधायक खजान दास, विधायक सुरेश गढ़िया, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, अनिल गोयल, संजय नेगी, दायित्वधारी रजनी रावत समेत अन्य लोग मौजूद रहे।






